![]()
दिल्ली के जंतर-मंतर पर युवाओं पर हुए लाठीचार्ज और सीजेपी के प्रदर्शन के समर्थन में प्रयागराज में शुक्रवार को भी कई संगठनों ने सड़क पर उतरने का ऐलान किया है। स्टडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया ने मार्च निकाल प्रदर्शन की तैयारी की है। इसी प्रकार नागरिक मंच ने भी धरना स्थल पर प्रदर्शन को कहा है। चूंकि सीजेपी ने देशभर में विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है, ऐसे में राजनीतिक दलों का विरोध भी शुरू होगा। कचहरी के वकील लगातार विरोध जता रहे हैं। शुक्रवार को भी युवा अधिवक्ता संघ विरोध जताएगा। शुक्रवार को ही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अयज राय प्रयागराज आ रहे हैं। हालांकि वह कोर्ट के काम से आएंगे लेकिन उनके भी विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की बात कही जा रही है। शहर में हो रहे प्रदर्शन, रैली, मार्च को देखते हुए पुलिस की खासा तैयारी है। पुलिस और आरएएफ की तैनाती सिविल लाइंस में बढ़ा दी गई है। प्रयागराज में लगातार हो रहे विरोध प्रदर्शन
युवाओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में प्रयागराज में समाजवादी युवजन सभा अंबेडकर वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सिविल लाइंस में सुभाष चौराहे पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका। साथ ही पीएम मोदी के विरोध में भी नारे लगाए। इस दौरान पुतला छीनने की कोशिश पर उनकी पुलिसकर्मियों से धक्कामुक्की भी हुई। 2 तस्वीरें देखिए… जुलूस की शक्ल में पहुंचे सुभाष चौराहे
दोपहर एक बजे के करीब कार्यकर्ताओं-पदाधिकारी जुलूस की शक्ल में सुभाष चौराहे पहुंचे। वह छात्रों पर लाठीचार्ज नहीं सहेंगे, धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो जैसे नारे लगा रहे थे। सुभाष चौराहे पर पहुंचकर उन्होंने नारेबाजी तेज कर दी। इस दौरान कुछ कार्यकर्ता चौराहे के पास खड़ी गाड़ी से पुतला निकालने पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने देखा तो पुतला छीनने की कोशिश की। इस पर कार्यकर्ताओं से उनकी धक्कामुक्की होने लगी। 15 मिनट तक होती रही धक्कामुक्की
करीब 15 मिनट तक धक्कामुक्की चलती रही। हालांकि कार्यकर्ताओं की संख्या ज्यादा होने के चलते पुलिसकर्मी नाकाम रहे और इसके बाद मौका पाते ही कार्यकर्ताओं ने पुतला चौराहे पर लाकर इसे आग के हवाले कर दिया। प्रदर्शनकारियों में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी शामिल थीं। सभी ने एक स्वर से मांग उठाई कि शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर लाठीचार्ज, बल प्रयोग सरकार के तानाशाह रवैये को बयां करता है। इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा।
चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर पहुंच जता रहे विरोध प्रयागराज में अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर गुरुवार को दिशा छात्र संगठन और नौजवान भारत सभा ने आजाद पार्क में प्रतिवाद सभा आयोजित की। इसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं और नागरिकों ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने “मेरा रंग दे बसंती चोला” गीत गाकर और देशभक्ति के नारे लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया। सभा की शुरुआत “चंद्रशेखर आजाद तुम जिंदा हो हमारे संकल्पों में” और “इंकलाब जिंदाबाद” जैसे नारों से हुई। प्रदर्शनकारियों ने पटना (बिहार) और दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित पुलिस लाठीचार्ज की निंदा की। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया। दिशा छात्र संगठन की प्रतिनिधि निधि ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि चंद्रशेखर आजाद शोषण-मुक्त समाज का सपना देखते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले वर्षों में कई भर्ती परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए, लेकिन दोषियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। निधि ने यह भी कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया जा रहा है। नौजवान भारत सभा के प्रशांत ने कहा कि देशभर से दिल्ली पहुंचे छात्रों और युवाओं ने शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगें रखीं। हालांकि, उनकी बात सुनने के बजाय उनके साथ सख्ती बरती गई। प्रशांत ने छात्रों के इस आंदोलन को लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा बताया। प्रतिवाद सभा के दौरान छात्रों ने हाथों में तख्तियां लेकर नारे लगाए और “मेरा रंग दे बसंती चोला” गीत गाते हुए शहीद चंद्रशेखर आजाद को श्रद्धांजलि दी। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे आजादी के सेनानियों के आदर्शों पर चलते हुए शिक्षा, रोजगार और न्याय के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।
Source link
छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में सड़क पर उतरेंगे छात्र:कई संगठनों ने किया ऐलान, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रयागराज में होंगे