![]()
झांसी में गुरुवार रात को एक बदमाश ने महिला प्रधान के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। संजय सिंह उर्फ संजू (33) अपने 4 दोस्तों के साथ रात लगभग 9:30 बजे पॉश इलाके में बने एक रेस्ट्रोरेंट में खाना खाने गया था। खाना खाते समय एक अज्ञात बदमाश आया और सिर में तमंचा सटाकर गोली मार दी। वारदात के बाद बदमाश भागकर पार्किंग में बाइक लेकर खड़े साथी के साथ फरार हो गया। इससे हड़कंप मच गया। दोस्त घायल संजय सिंह को मेडिकल कॉलेज ले गए। जहां पर इलाज के दौरान देर रात लगभग 1 बजे उसने दम तोड़ दिया। देर रात तक बदमाशों का पता नहीं चल सका। पुलिस की 3 टीमें आरोपियों की पहचान कर उनको तलाशने में जुटी हैं। घटना नवाबाद थाना क्षेत्र के इलाइट चौराहा के पास द मेड किचन रेस्ट्रोरेंट में हुई हैं। एलएलबी की पढ़ाई कर रहा था संजय सिंह उर्फ संजू (33) पुत्र घनेंद्र सिंह गरौठा थाना क्षेत्र हैवतपुरा गांव का रहने वाला था। उसकी मां रामदेवी गांव की प्रधान है। परिजनों ने बताया- रामदेवी के 3 बच्चे हैं। इसमें बड़े बेटे सर्वेश और बेटी रचना की शादी हो चुकी है, जबकि संजय अविवाहित था। लगभग 6 साल से संजय झांसी में नंदनपुरा के पास अपने एक रिश्तेदार के घर में रहता था। वह एलएलबी की पढ़ाई कर रहा था। कचहरी में एडवोकेट दशरथ सिंह के पास मुंशी का काम करता था। यहां पर शिवम भी काम करता था। इसलिए दोनों अच्छे दोस्त थे। दतिया पीतांबरा पीठ से लौटे थे दोस्त शिवम ने बताया- गुरुवार शाम लगभग 4:30 बजे संजय कचहरी से निकला था। चंदौली से हमारे मित्र एडवोकेट नारायण ओझा झांसी आए थे। उनको पीतांबरा माई के दर्शन करने दतिया जाना था। कार से मैं, संजय, नारायण और एडवोकेट दशरथ दतिया गए और दर्शन करके लौट आए। हम लोग इलाइट चौराहा के पास स्थित The mad kitchen रेस्टोरेंट में खाना खाने के लिए रुक गए। संजय ने कॉल करके अपने दोस्त परवई निवासी धर्मेंद्र को भी बुला लिया। हम पांचों ने मिलकर खाना खाया। लगभग खाना खा चुके थे और चावल खा रहे थे। तभी काले कपड़े पहने एक युवक आया और गोली चला दी। हम कुछ समझ नहीं पाए। मैंने संजय से भी पूछा तो वह खड़ा हुआ और गिर गया। देखा तो उसके सिर में गोली लगी थी और खून बह रहा था। तब हम लोग उसे मेडिकल कॉलेज लेकर आए। गार्ड ने पकड़ने की कोशिश भी की गोली मारने के बाद आरोपी तमंचा लहराते हुए भाग निकला। पर्किंग में खड़े गार्ड ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो वह बिना नंबर की बाइक लेकर खड़े अपने साथी के साथ फरार हो गया। हम लोगों ने उसे हमलावर को पहले कभी नहीं देखा। रेस्ट्रोरेंट के मालिक वंश ने बताया- गोली चलने के बाद दहशत का माहौल हो गया। कुछ अन्य लोग भी खाना खा रहे थे। लेकिन गोली चलने के बाद लोग खाना छोड़कर भाग गए। आसपास भीड़ लग गई और पुलिस को सूचना दी गई। नवाबाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। अब पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। भाई बोला- हमारी किसी से दुश्मनी नहीं घटना की सूचना पर गांव से परिजन झांसी पहुंच गए। यहां पर पुलिस ने परिजनों से घटना को लेकर बातचीत की। तब भाई सर्वेश ने बताया कि हमारी गांव में किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। प्रधानी को लेकर भी कोई रंजिश नहीं चल रही है। भाई संजय लगभग 6 सालों से झांसी में रह रहा था। वह कम ही गांव आता-जाता था। गोली किसने और क्यों चलाई, हम लोगों को कोई जानकारी नहीं है। संजय जमीन का काम भी करता था। 3 पुलिस टीमें लगाई एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने बताया- घटना के खुलासे के लिए एसओजी समेत 3 पुलिस टीमें लगाई गई है। आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। प्रथमदृष्टता हमें कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। जिस पर पुलिस काम कर रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
Source link
झांसी में गोली मारकर प्रधान के बेटे की हत्या:रेस्ट्रोरेंट में साथियों संग खाना खाने गया था, सिर में गोली मारकर साथी संग भागा बदमाश