![]()
सीएम डैशबोर्ड पर राजस्व एवं विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने लापरवाही पर सख्त रुख अपनाया। गुरुवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में आयोजित बैठक में खराब प्रदर्शन करने वाले पांच अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए गए, जबकि कई अन्य अधिकारियों को चेतावनी पत्र जारी किया गया। डीएम ने स्पष्ट किया कि कार्यप्रणाली में सुधार नहीं होने पर भविष्य में और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आबकारी और मंडी सचिव राजस्व वसूली में सबसे पीछे समीक्षा के दौरान आबकारी विभाग की लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति संतोषजनक न मिलने और विभाग के लगातार ‘डी’ श्रेणी में रहने पर जिला आबकारी अधिकारी राजेश कुमार को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए गए। मंडी आय में खराब प्रगति पर मंडी सचिव विजन बालियान को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के साथ बैठक में बिना पूर्व अनुमति अनुपस्थित रहने पर उनका वेतन रोकने का भी आदेश दिया गया। इसी प्रकार, कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर जिला प्रोबेशन अधिकारी, एडीओ पंचायत (पतारा) तथा जिला खनन अधिकारी पारसनाथ यादव को भी प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए गए। वहीं एआईजी स्टांप को चेतावनी पत्र जारी किया गया। डीएम ने चेतावनी पाने वाले अधिकारियों से कहा कि यदि कार्य में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो उनके खिलाफ भी प्रतिकूल प्रविष्टि सहित कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम की शिकायतों पर जताई नाराजगी आईजीआरएस पोर्टल की समीक्षा में नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी जिलाधिकारी ने असंतोष जताया। नगर निगम से संबंधित 1,574 शिकायतों में 759 मामलों में असंतुष्ट फीडबैक मिलने पर इसे गंभीर माना गया। डीएम ने नगर निगम के आईजीआरएस नोडल अधिकारी एवं अपर नगर आयुक्त को चेतावनी पत्र जारी करने के निर्देश दिए और शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर दिया। तहसीलों में विशेष अभियान और कैंप लगाने के निर्देश तहसीलों की समीक्षा के दौरान अंश निर्धारण के मामलों में बेहद धीमी प्रगति पर चारों तहसीलों को चेतावनी पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने धारा-24 एवं धारा-116 के लंबित वादों के निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाने तथा अंश निर्धारण के लिए विशेष कैंप आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
Source link
सीएम डैशबोर्ड की बैठक में DM की सख्ती:5 अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि, एआईजी स्टांप समेत कई अफसरों को चेतावनी पत्र