कानपुर में सपा ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग:राष्ट्रपति के नाम एसीपी को सौंपा ज्ञापन, बोले- छात्रों की मांगें पूरी करे सरकार


कानपुर के कल्याणपुर में समाजवादी पार्टी युवजन सभा के पदाधिकारियों ने गुरुवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। सपा नेताओं ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि छात्रों की मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन किया जाएगा। सपा युवजन सभा कानपुर ग्रामीण के जिलाध्यक्ष अभय पुरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नवशीलधाम चौकी पहुंचकर एसीपी कल्याणपुर दिलीप कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा। एसीपी ने ज्ञापन राष्ट्रपति तक भिजवाने का आश्वासन देते हुए सभी से शांति बनाए रखने की अपील की। शिक्षा मंत्री की जवाबदेही तय करने की मांग राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन में कहा गया कि देश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। यदि आवश्यक हो तो उनका इस्तीफा लिया जाए या संवैधानिक प्रक्रिया के तहत उचित निर्णय किया जाए। अभय पुरी बोले- शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता जरूरी जिलाध्यक्ष अभय पुरी ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना समय की जरूरत है। उन्होंने राष्ट्रपति से मामले को गंभीरता से लेते हुए संविधान और कानून के अनुरूप उचित कार्रवाई करने की मांग की। चेतावनी- मांगें नहीं मानीं तो होगा आंदोलन सपा नेताओं ने कहा कि छात्रों की मांगों पर जल्द फैसला नहीं लिया गया तो कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। ज्ञापन सौंपने के बाद एसीपी ने सभी कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की, जिसके बाद सभी शांतिपूर्वक वहां से चले गए। एसीपी कल्याणपुर दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि सपा नेताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा है। सभी लोग शांतिपूर्वक ज्ञापन देकर चले गए। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *