कर्ज से परेशान मजदूर ने फांसी लगाकर दी जान:जालौन में स्कूल के बाहर पेड़ से लटका मिला शव


जालौन में सोमवार शाम एक मजदूर ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव गांव के सरकारी स्कूल के बाहर पेड़ से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का कहना है कि मृतक लंबे समय से आर्थिक तंगी और कर्ज के बोझ से परेशान था। मामला उरई कोतवाली क्षेत्र के उसरगांव का है। मृतक की पहचान विशाल सिंह यादव (50) निवासी उसरगांव के रूप में हुई है। वह खेती और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों के अनुसार, परिवार की जिम्मेदारियों और बढ़ते कर्ज के चलते वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे। बताया गया कि सोमवार शाम विशाल सिंह गांव के प्राथमिक विद्यालय के बाहर स्थित बबूल के पेड़ के पास पहुंचे और रस्सी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने पेड़ से शव लटकता देखा और इसकी सूचना परिजनों तथा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही उरई कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि, सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों के अनुसार, विशाल सिंह मेहनतकश और शांत स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी मौत से गांव में शोक का माहौल है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *