ACP राजकुमार तैनाती के 13वें ही दिन हटाए गए:कर्नलगंज से हटाकर फूलपुर भेजे गए, पुलिस महकमे में चर्चा का विषय बना फेरबदल


पुलिस कमिश्नरेट में रविवार को हुआ प्रशासनिक फेरबदल चर्चा का विषय बन गया। नवागंतुक एसीपी राजकुमार सिंह को उनकी तैनाती के महज 13 दिन बाद ही कर्नलगंज सर्किल से हटा दिया गया। उन्हें एसीपी फूलपुर बनाया गया है, जबकि फूलपुर के एसीपी विवेक यादव को कर्नलगंज सर्किल की कमान सौंपी गई है। इतनी कम अवधि में एसीपी स्तर के अधिकारी का तबादला होने से इस फैसले को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
राजकुमार सिंह का हाल ही में प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट में आगमन हुआ था। उन्हें 7 जुलाई को एसीपी कर्नलगंज की जिम्मेदारी दी गई थी। इसके बाद रविवार को जारी तबादला आदेश में उन्हें ग्रामीण सर्किल फूलपुर भेज दिया गया। महज 13 दिन में हुए इस बदलाव का कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया गया है।
सबसे महत्वपूर्ण सर्किलों में गिना जाता है कर्नलगंज
प्रयागराज के सिटी जोन में कर्नलगंज सर्किल को सबसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील क्षेत्रों में माना जाता है। इसी क्षेत्र में कलेक्ट्रेट, जिला न्यायालय, इलाहाबाद विश्वविद्यालय, विश्वविद्यालय के कई छात्रावास, प्रमुख शिक्षण संस्थान और कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय स्थित हैं। बड़ी संख्या में प्रतियोगी छात्र भी इसी इलाके में रहते हैं। कानून-व्यवस्था की दृष्टि से यह सर्किल हमेशा संवेदनशील माना जाता है।
अधिवक्ता-पुलिस विवाद से जोड़कर देखी जा रही कार्रवाई
पुलिस महकमे में चर्चा है कि हाल ही में जॉर्जटाउन थाना क्षेत्र में हुए अधिवक्ता-पुलिस विवाद के बाद यह फैसला लिया गया है। हालांकि पुलिस कमिश्नरेट की ओर से इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। 15 जुलाई को हुआ था बवाल
दरअसल, कुछ दिन पहले एक अधिवक्ता के मकान में संचालित रेस्टोरेंट को लेकर विवाद हुआ था। मामले में पुलिस ने कुछ अधिवक्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया था। इससे नाराज अधिवक्ताओं ने 15 जुलाई को जिला न्यायालय के बाहर करीब छह घंटे तक जाम लगाकर प्रदर्शन किया। विरोध इतना बढ़ गया कि देर शाम जॉर्जटाउन थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार को हटाए जाने के बाद ही अधिवक्ताओं ने आंदोलन समाप्त किया।
पुलिस विभाग के अंदर यह चर्चा है कि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान समय रहते प्रभावी हस्तक्षेप नहीं होने और विवाद को बढ़ने से नहीं रोक पाने को भी राजकुमार सिंह के तबादले की एक वजह माना जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में किसी अधिकारी ने आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा है।
2020 में इंस्पेक्टर से बने सीओ
मूल रूप से अयोध्या के रहने वाले राजकुमार सिंह 2020 बैच के प्रमोटेड पीपीएस अधिकारी हैं। वर्ष 2020 में उनका इंस्पेक्टर से क्षेत्राधिकारी (सीओ) के पद पर प्रमोशन हुआ था। प्रयागराज कमिश्नरेट में उनकी यह पहली तैनाती थी, लेकिन कर्नलगंज में उनका कार्यकाल केवल 13 दिन का ही रहा।
नए एसीपी के सामने ढेरों चुनौती
तबादला आदेश के अनुसार अब विवेक यादव कर्नलगंज के नए एसीपी होंगे। उनके सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ विश्वविद्यालय क्षेत्र, अधिवक्ताओं से जुड़े मामलों और संवेदनशील इलाकों में पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने की चुनौती रहेगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *