![]()
पीलीभीत में दहेज के लिए प्रताड़ना का एक मामला सामने आया है। सुनगढ़ी थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति पर दहेज में मिली बाइक और जेवर बेचकर शराब पीने का आरोप है। पत्नी द्वारा विरोध करने पर ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की और दो बच्चों समेत उसे घर से निकाल दिया। पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देश पर सुनगढ़ी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुनगढ़ी कोतवाली के गांव उगनपुर निवासी डालचंद ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी पार्वती की शादी 3 मार्च 2018 को जहांनाबाद के रामपुरा मिश्रा निवासी बुजमोहन से की थी। शादी के कुछ समय बाद ही बुजमोहन शराब पीने और नशा करने लगा। आरोप है कि उसने दहेज में मिली बाइक, सोने-चांदी के जेवर और अपनी जमीन भी बेचकर शराब पीने में खर्च कर दिए। इसके बाद वह पार्वती पर मायके से और पैसे लाने का दबाव बनाने लगा। मना करने पर वह कथित तौर पर रोज उसके साथ मारपीट करता और जान से मारने की धमकी देता था। पीड़िता के अनुसार, नवंबर 2024 में उसके छह वर्षीय बेटे अरविंद और चार वर्षीय बेटी कविता के सामने ही ससुराल वालों ने उसे प्रताड़ित किया। आरोप है कि पति बुजमोहन और जेठ सोमपाल सहित अन्य ससुराल वालों ने पार्वती के साथ मारपीट की, उसके कपड़े तक उतार दिए और बच्चों समेत उसे घर से बाहर निकाल दिया। पीड़ित पिता ने पहले ‘सुलह समझौता केंद्र’ में प्रार्थना पत्र देकर मामला सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी पक्ष वहां उपस्थित नहीं हुआ। पीड़िता ने अपनी और बच्चों की जानमाल के खतरे की आशंका जताई है। सुनगढ़ी कोतवाली के थाना अध्यक्ष नरेश त्यागी ने बताया कि एसपी के निर्देश पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Source link
पति ने दहेज की बाइक-जेवर बेचे, पत्नी को निकाला:पीलीभीत में शराब पीकर बच्चों समेत घर से बाहर किया