बलरामपुर में DM बोले- लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेंगे:तुलसीपुर में समाधान दिवस पहुंचे, 8 मामलों का मौके पर निस्तारण


जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार दोपहर 12 बजे तहसील तुलसीपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। दोपहर 2 बजे तक चले समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने पात्र लाभार्थियों को आवासीय भूमि के पट्टे भी वितरित किए। ग्राम शीतलापुर देहात की साधना, सुमन देवी, रीनू देवी और विद्या देवी को ये पट्टे प्रदान किए गए। डीएम ने बताया कि शासन की मंशा प्रत्येक पात्र परिवार को भूमि और आवास जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है, और यह अभियान लगातार जारी रहेगा। डीएम ने राजस्व, पुलिस, विकास, समाज कल्याण, विद्युत, पेयजल, पंचायत और कृषि विभाग के अधिकारियों को शिकायतों की नियमित समीक्षा करते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनका निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई आवश्यक हो, वहां दोनों विभाग समन्वय स्थापित कर तत्काल कार्रवाई करें। उन्होंने विशेष रूप से भूमि विवाद, अवैध कब्जा, पेंशन, आवास, बिजली और पेयजल से जुड़ी शिकायतों के पारदर्शी समाधान पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि जहां स्थलीय निरीक्षण जरूरी हो, वहां अधिकारी मौके पर जाकर जांच करें और तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करें। समाधान दिवस में कुल 36 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें से 8 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को सौंपा गया। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने पुलिस से संबंधित शिकायतों के निष्पक्ष और त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि लोगों को समय पर न्याय मिल सके।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *