गोरखपुर में जमकर हुई बरसात, डूब गई शहर की सड़कें:जाम में फंसे शहरवासी, कार-बाइक के इंजन में गया पानी, स्कूलों में रेनी डे


गोरखपुर में देर रात से हो रही बरसात के कारण शनिवार को सुबह पूरे शहर की व्यवस्था बिगाड़ कर रख दी। लगातार बारिश के चलते शहर के निचले इलाकों में जलभराव हो गया और प्रमुख सड़कें पानी में डूब गईं। सुबह-सुबह दफ्तर और स्कूल जाने वालों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी। वहीं जलभराव की वजह से बाइक और कार के इंजन में पानी चला गया। सड़क पर ही गाड़ियां खराब हो गईं। लोग पैदल बाइक लेकर मैकेनिक ढूंढते नजर आए। भारी बरसात को देखते हुए कई स्कूलों में रेनी डे हो गया। मुसीबत झेलते हुए स्कूल पहुंचे बच्चे निराश होकर घर लौटे। बारिश शुरू होते ही गोरखनाथ के धर्मशाला, विजय चौक, मोहद्दीपुर, गोलघर, बेतियाहाता, रेती, तुर्कमानपुर और नखास क्षेत्र की सड़कों पर घुटने तक पानी भर गया। जलजमाव के कारण घंटों लंबा जाम लग गया। वाहन रेंग-रेंग कर चलने को मजबूर हुए। कई बाइक और कारें पानी में बंद होकर खराब हो गईं। ट्रैफिक पुलिस को जाम खुलवाने के लिए अतिरिक्त मशक्कत करनी पड़ी। बारिश का असर स्कूलों पर भी पड़ा। जलभराव और जाम की वजह से कई स्कूलों ने अभिभावकों की सूचना पर रेनी डे घोषित कर दिया। जिन स्कूलों में छुट्टी नहीं हुई, वहां बच्चे देरी से पहुंचे और कई अभिभावक बच्चों को बीच रास्ते से ही वापस ले गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बार थोड़ी बारिश में ही शहर की यही हालत हो जाती है। नालियों की सफाई न होने से पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। दुकानदारों को भी भारी नुकसान हुआ। निचले इलाकों की दुकानों में पानी घुस गया जिससे सामान खराब हो गया। मौसम विभाग के अनुसार 24 से 48 घंटे तक रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। नगर निगम और जिला प्रशासन की टीमें जलजराव वाले क्षेत्रों में पंप लगाकर पानी निकालने में जुटी हैं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जलभराव वाले स्थानों पर तुरंत राहत कार्य शुरू किया जाए और ट्रैफिक सुचारू कराया जाए। लगातार बारिश से लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हुई। नौकरीपेशा लोग देर से दफ्तर पहुंचे तो जाम की वजह से एंबुलेंस फंसने से मरीजों को अस्पताल जाने में दिक्कत हुई। फिलहाल मौसम साफ होने की कोई संभावना नहीं दिख रही, ऐसे में प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक घर से न निकलने की अपील की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *