युवती को कार से घसीटकर पीटने वाले नेपाल भागे:गोरखपुर की पीड़िता को मिला बॉडीगार्ड, पकड़े जा चुके 5 आरोपी


गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र में 9 जुलाई को बाइक और कार की टक्कर के बाद युवती की सरेराह पिटाई और अभद्रता का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने पीड़िता की सुरक्षा बढ़ा दी है। रामगढ़ताल क्षेत्र की रहने वाली युवती को संभावित खतरे को देखते हुए रामगढ़ताल थाना पुलिस की ओर से घर पर एक सुरक्षाकर्मी की ड्यूटी लगाई गई है। बीमार पिता के सामने युवती का बाल खींचकर आरोपियों ने पिटाई की थी। इस घटना के बाद पीड़िता के साथ ही परिजन दहशत में हैं। शाहपुर पुलिस ने घटना के बाद मुख्य आरोपी राज निषाद समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भिजवा चुकी है। सीसीटीवी कैमरे से पहचान कर 5-6 आरोपियों की अभी तलाश चल रही है। सूत्रों की मानें तो घटना के बाद से ही 5 आरोपी नेपाल भागे हुए हैं। पुलिस को नेपाल में उनकी लोकेशन मिली है। इस संबंध में एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि पीड़िता की मांग के अनुसार उन्हें सुरक्षा दी गई है। किसी भी प्रकार की धमकी या दबाव की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। एसपी सिटी ने बताया कि वायरल वीडियो में दिख रहे अन्य व्यक्तियों की भी पहचान कराई जा रही है। वीडियो सामने के बाद SSP डॉ. कौस्तुभ ने बीते रविवार देर रात 12 बजे शाहपुर थानाध्यक्ष राकेश रोशन सिंह और कौवाबाग चौकी प्रभारी दुर्गेश नंदिनी को लाइन हाजिर कर दिया। वीडियो में दिख रहे पीआरवी के दो सिपाहियों राज मंगल सिंह, अविनाश यादव और दरोगा अभिषेक कुमार सिंह को सस्पेंड कर दिया। होमगार्ड हरिचरन राय पर विभागीय कार्रवाई बैठाने के लिए रिपोर्ट भेजी जा रही है। इस घटना में 10 जुलाई को युवती की तहरीर पर 10 से 12 आरोपियों पर हत्या के प्रयास, छेड़खानी, मारपीट, धमकी समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किय गया है। 5 पुलिसवालों पर एक्शन और आरोप राकेश रोशन सिंह, शाहपुर थाना प्रभारी (लाइन हाजिर): मामले की गंभीरता को देखते हुए भी नजरअंदाज किया। हल्की धाराओं में FIR की। वीडियो सामने आने के बाद केस में गंभीर धाराएं लगीं। यह लापरवाही उनको भारी पड़ी और थानेदारी गंवानी पड़ी। चौकी इंचार्ज दुर्गेश नंदिनी (लाइन हाजिर): कौवाबाग चौकी क्षेत्र में करीब एक घंटे तक हंगामा चलता रहा, लेकिन उन्हें भनक तक नहीं लगी। बाद में भी कोई ठोस एक्शन नहीं लिया। इसे भी एसएसपी ने बड़ी लापरवाही माना। सिपाही राज मंगल सिंह, अविनाश यादव (सस्पेंड): दोनों सिपाही मौके पर थे, उनके सामने ही दबंगों ने लड़की की पिटाई की। लेकिन, उन्होंने बचाने की कोशिश नहीं की। दोनों सिर्फ वीडियो बनाते रहे। दरोगा अभिषेक सिंह (सस्पेंड): मामले की जानकारी होने पर मौके पर पहुंचे, लेकिन दबंगों के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया। बल्कि, मामले की लीपापोती में जुटे रहे। होमगार्ड हरिचरन राय (विभागीय कार्रवाई): इनकी मौके पर ड्यूटी थी, लेकिन लड़की की पिटाई के वक्त वहां मौजूद नहीं थे। जांच के बाद उस पर भी विभागीय कार्रवाई की तैयारी है। काली स्कॉर्पियो सवार लड़कों ने लड़की को बीच सड़क पीटा था शाहपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार यानी 9 जुलाई की शाम करीब 6:30 बजे 24 साल की लड़की अपने पिता का इलाज कराने कार से रेलवे हॉस्पिटल जा रही थी। रास्ते में उसकी कार की एक बाइक से टक्कर हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। आरोप है कि बाइक सवार ने अपने साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में काली स्कॉर्पियो से पहुंचे लड़कों ने लड़की पर हमला कर दिया। उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। लड़की को बाल पकड़कर घसीटा। कपड़े फाड़ने की कोशिश की और गलत तरीके से छुआ। इस दौरान लड़की मदद की गुहार लगाती रही। लड़की की तहरीर पर 10 जुलाई सुबह 10 बजे अज्ञात बाइक सवार और काली स्कॉर्पियो सवार लड़कों के खिलाफ FIR दर्ज की गई। इसके बाद, दैनिक भास्कर पीड़ित परिवार के पास पहुंचा। इस दौरान लड़की ने रोते हुए बताया- वे मेरे बाल पकड़कर पीट रहे थे। लात-घूंसों और बेल्ट से मार रहे थे। मैं मदद के लिए चिल्लाती रही, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी बचाने के बजाय कहते रहे- सब रिकॉर्ड हो रहा है। तस्वीरें देखिए… मारपीट का वीडियो आया था सामने लड़की से रेलवे हॉस्पिटल के पास मारपीट का वीडियो भी सामने आया। इसमें आरोपी उसकी कार का शीशा तोड़ते दिखाई दिए। लड़की के सिर पर किसी भारी चीज से हमला करते नजर आए। वीडियो में 4-5 पुलिसकर्मी भी दिखाई दे रहे हैं। घटनास्थल पर कई स्थानीय लोग भी मौजूद थे। लड़की के बीमार पिता कुछ दूरी पर बेबस खड़े दिखाई दिए।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *