![]()
शामली के मुजफ्फरनगर-थानाभवन मार्ग पर शुक्रवार शाम 6 बजे कॉपर से लदे एक ट्रक में आग लग गई। एक्सप्रेसवे के निकट ख्यावड़ी तालाब के पास हुई इस घटना में चालक समेत चार लोगों ने कूदकर अपनी जान बचाई। सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं की सूझबूझ से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। ट्रक चालक तेजपाल ने बताया कि वह कॉपर से भरा ट्रक लेकर थानाभवन से मेरठ जा रहा था। ख्यावड़ी तालाब के पास सड़क किनारे बैठे ग्रामीणों ने ट्रक से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं। उन्होंने तुरंत चालक को इशारा कर वाहन रोकने को कहा। चालक ने तत्काल ट्रक रोका और अपने साथ मौजूद अन्य लोगों के साथ सुरक्षित नीचे उतर गया। इसी दौरान, पास में सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं ने ट्रक में आग लगी देखी। उन्होंने बिना समय गंवाए ख्यावड़ी तालाब से पानी लाना शुरू कर दिया। युवाओं ने बाल्टियों और अन्य उपलब्ध साधनों की मदद से लगातार पानी डालकर आग को फैलने से रोका और काफी प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। प्रत्यक्षदर्शी राजा और अमित ने बताया कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो ट्रक में लदा लाखों रुपये का कॉपर जल सकता था। इसके अलावा, आग आसपास के क्षेत्र में फैलकर एक बड़े हादसे का कारण बन सकती थी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय ग्रामीणों ने आग बुझाने में साहस और तत्परता दिखाने वाले युवाओं की सराहना की।
Source link
शामली में कॉपर से लदे ट्रक में लगी आग:सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं ने बुझाई, 4 ने कूदकर जान बचाई