![]()
‘हाय अल्लाह, मुझे माफ कर दो… मुझसे बहुत बड़ी गलती हो गई। दारोगा जी, अब कभी गोकशी नहीं करूंगा।’ पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद जमीन पर पड़े गौतस्करी के आरोपी अकीलउद्दीन उर्फ गट्टू के मुंह से बार-बार यही शब्द निकल रहे थे। वह दर्द से कराहते हुए पुलिस से रहम की गुहार लगा रहा था। पुलिस का दावा है कि जिस अकीलउद्दीन ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की थी, वही गोली लगने के बाद अपनी जान बचाने की गुहार लगाने लगा। दरअसल, उसके घर से भारी मात्रा में गोमांस बरामद होने के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। गुरुवार रात करीब 10 बजे पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी जंगल में छिपा हुआ है। पुलिस टीम पर की फायरिंग थाना इज्जतनगर पुलिस ने जंगल में घेराबंदी की तो, पुलिस के मुताबिक, अकीलउद्दीन ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने पहले उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। इस दौरान एक गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घटना की शुरुआत 16 जुलाई 2026 की दोपहर करीब 12 बजे हुई, जब थाना इज्जतनगर पुलिस ने ग्राम महलऊ में अकीलउद्दीन उर्फ गट्टू के घर पर छापेमारी की। पुलिस के अनुसार, वहां से करीब 40 किलोग्राम गोमांस और पशु काटने के उपकरण बरामद किए गए। मौके से आरोपी के साले मोहम्मद खां को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि मुख्य आरोपी अकीलउद्दीन, उसका साथी आलम और पत्नी हसीना फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो टीमें गठित कीं और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। जंगल से बरामद हुआ सामान पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के बाद आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक देसी तमंचा बरामद हुआ। तमंचे की नाल में एक खोखा कारतूस फंसा मिला, जबकि एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया। पुलिस ने घटनास्थल से वध किए गए गोवंश के चार पैर भी बरामद किए हैं। घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। वहीं, पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। इंस्पेक्टर इज्जतनगर बोले- इलाज करा रहे इंस्पेक्टर इज्जतनगर सुरेश चंद्र गौतम ने बताया- मुठभेड़ के दौरान घायल हुए मुख्य आरोपी अकीलउद्दीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपी का अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
Source link
बरेली पुलिस ने गोतस्कर को दौड़ाकर गोली मारी, गिरफ्तार:बोला-हाय अल्लाह! माफ कर दो, मुझसे बहुत बड़ी गलती हो गई