![]()
ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र के भगवती बाग में बीसी के पैसों के विवाद में एक खराद मैकेनिक की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी उदय अग्रवाल उर्फ पुल्ली और उसके दो बेटों लखन व आकाश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। तीनों को सोमवार को टेढ़ी बगिया बस स्टैंड के पास से पकड़ा गया। मृतक की पहचान दिनेश शर्मा के रूप में हुई है। मृतक के बेटे शिवम शर्मा की तहरीर पर दर्ज मुकदमे के अनुसार, उदय अग्रवाल ने हिसाब-किताब के बहाने दिनेश शर्मा को अपने घर बुलाया था। आरोप है कि वहां तीनों आरोपियों ने दिनेश शर्मा के साथ मारपीट की और गंभीर हालत में उन्हें गली के बाहर फेंक दिया। परिजन दिनेश शर्मा को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया था। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन और मुकदमे में अन्य नाम जोड़े जाने के बाद करीब 15 घंटे बाद अंतिम संस्कार किया गया। डीसीपी सिटी के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हृदयाघात बताया गया है। हालांकि, परिजनों के हत्या के आरोपों, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों को देखते हुए पुलिस की विवेचना अभी जारी है। विधिक राय के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी बताया कि मुख्य आरोपी उदय अग्रवाल उर्फ पुल्ली का आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ पहले भी हत्या का एक मुकदमा दर्ज है।
Source link
बीसी विवाद में मैकेनिक की मौत, तीन गिरफ्तार:आगरा में पीटकर हत्या कर शव घर के बाहर छोड़ा था