![]()
गोंडा जिले के कटरा बाजार थाना क्षेत्र के अहीरनपुरवा मौजा तिलका गांव में जमीनी विवाद और पुश्तैनी रास्ते को लेकर दो गुटों में मारपीट का मामला सामने आया है। यह घटना रूपा देवी और विश्वनाथ के गुटों के बीच हुई, जिसमें आपसी कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हुई। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर है जो 13 जुलाई की देर शाम करीब 6 बजे का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पहले एक किशोरी रास्ते पर नींव बनाने से रोक रही है। रोकने पर कुछ लोग किशोरी के साथ मारपीट करते हैं। जब परिवार के अन्य सदस्य उसे बचाने आते हैं तो उनके साथ भी मारपीट की जाती है। पीड़िता रूपा देवी और देवी प्रसाद ने आरोप लगाया है कि विश्वनाथ,मनीष, प्रहलाद और अशोक कुमार ने पहले उनकी 16 वर्षीय बेटी गुंजा पर सड़क पर नींव रखने का विरोध करने पर हमला किया। जब परिवार के सदस्य उसे बचाने आए, तो उन पर लाठियों से हमला कर मारपीट की गई। कटरा बाजार थाना अध्यक्ष मनोज पाठक ने बताया कि पीड़िता रूपा देवी की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ गाली-गलौज और मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है। वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई भी की गई है। इन दोनों का एक जमीन को लेकर के विवाद चल रहा है उसी जमीन से होकर के पहले गुट के लोग जाते थे जबकि दूसरे गुट के लोग वहां पर बुनियाद का निर्माण करने लगे थे इसी विरोध को लेकर के मारपीट हुई है। दोनों गुटों के मारपीट में कुछ लोगों को मामूली चोटे आई थी जिन्होंने अपना प्राथमिक उपचार करवा लिया है।
Source link
गोंडा में जमीन विवाद में दो पक्षों में मारपीट, VIDEO:किशोरी को पीटा, बचाने पहुंचे परिजनों पर भी हमला