![]()
लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) में आयोजित जनता अदालत में सोमवार को बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। शिकायतों की सुनवाई के लिए एलडीए के अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा, संयुक्त सचिव सी.पी. त्रिपाठी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे और फरियादियों की समस्याएं सुनीं। जनता अदालत में पूर्व एमएलसी स्वर्गीय अच्छे लाल वाल्मीकि के पुत्र कौशल कुमार वाल्मीकि ने भी अपनी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वर्ष 1998 में डालीगंज के रामनगर क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण के दौरान उनकी दुकानें तोड़ दी गई थीं। इसके बाद उन्होंने तत्कालीन मंत्री स्वर्गीय लालजी टंडन से शिकायत की थी। लालजी टंडन ने विस्थापित कोटे से दुकान आवंटित किए जाने की बात कहते हुए एलडीए उपाध्यक्ष को पत्र भी लिखा था। कौशल कुमार का आरोप है कि इसके बावजूद एलडीए ने दुकानों का आवंटन अन्य किरायेदारों के नाम कर दिया। आपत्ति दर्ज कराने पर अधिकारियों ने पहले किए गए आवंटन को निरस्त कर उनके नाम दुकान आवंटित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2006 में आवंटन के लिए निर्धारित धनराशि भी जमा करा दी गई, लेकिन 20 साल बाद भी उन्हें दुकान का आवंटन नहीं मिल सका। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कई बार एलडीए अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जनता अदालत में उन्होंने एक बार फिर अपनी समस्या रखते हुए जल्द न्याय दिलाने की मांग की।
Source link
28 साल बाद भी नहीं मिली दुकान:एलडीए जनता अदालत में पूर्व एमएलसी के बेटे ने लगाई गुहार