![]()
उन्नाव के औरास विकासखंड की ग्राम पंचायत मिर्जापुर अजिगांव में इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ठेकेदार द्वारा काम बंद करने के बाद गांव के बच्चों ने खुद ही इंटरलॉकिंग ईंटें बिछाना शुरू कर दिया। इसका वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे यह मामला चर्चा का विषय बन गया। जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर अजिगांव में मंशाराम के घर से मुख्य मार्ग तक लगभग 70 मीटर लंबी इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया जा रहा था। स्थानीय ठेकेदार रामनरेश को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। ठेकेदार ने करीब 35 मीटर तक इंटरलॉकिंग बिछाने का काम पूरा किया, लेकिन उसके बाद भुगतान न मिलने का हवाला देते हुए निर्माण कार्य रोक दिया। अधूरा निर्माण होने के कारण सड़क पर मिट्टी, गिट्टी और अन्य निर्माण सामग्री बिखरी पड़ी है, जिससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई दिनों तक काम दोबारा शुरू होने का इंतजार किया गया। जब कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो मोहल्ले के कुछ बच्चों ने स्वयं इंटरलॉकिंग की ईंटें उठाकर उन्हें बिछाना शुरू कर दिया। बच्चों को इस तरह काम करते देख आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए। किसी ग्रामीण ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद यह मामला तेजी से सुर्खियों में आ गया। मुख्य मार्ग अधूरा रहने से गांव के सैकड़ों ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को रोजाना बरसात में कीचड़ व जलभराव से होकर गुजरना पड़ रहा है।
ग्रामीणों में ठेकेदार और संबंधित विभाग के प्रति आक्रोश है। उन्होंने जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा कराने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में ठेकेदार रामनरेश का कहना है कि विभाग की ओर से भुगतान न मिलने के कारण उन्हें निर्माण कार्य रोकना पड़ा है। वहीं, एडीओ पंचायत शिवशंकर सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित प्रधान एवं ग्राम विकास अधिकारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Source link
उन्नाव में अधूरी सड़क, बच्चों ने खुद बिछाई इंटरलॉकिंग VIDEO:भुगतान न मिलने पर ठेकेदार ने रोका काम, ग्रामीणों में नाराजगी