गोरखपुर जिला अस्पताल में जल्द शुरू होगी कैंटीन:तीमारदारों को सस्ते में मिलेगा खाना, न्यू OPD बिल्डिंग के बगल में होगा निर्माण


गोरखपुर के जिला अस्पताल में जल्द ही प्रेरणा कैंटीन की सुविधा मिलेगी। जिससे मरीजों के परिजनों को भोजन के लिए अस्पताल परिसर से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। हॉस्पिटल के अंदर ही बहुत कम दामों पर शुद्ध और पौष्टिक खाना दिया जाएगा। बुधवार दोपहर करीब 2 बजे इस नई पहल की जानकारी देते हुए अस्पताल के SIC डॉ. ओ.पी. सिंह ने बताया कि इस प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने की तैयारी पूरी कर ली गई है। कैंटीन बनाने के लिए प्रशासन ने न्यू ओपीडी (OPD) बिल्डिंग के बगल में खाली जमीन को अलॉट कर दिया है। जल्द ही वहां ढांचा तैयार करने का काम शुरू हो जाएगा। राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत हुई होगी शुरुआत
खास बात यह है कि इस सुविधा को राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत चलाया जाएगा। इसके जरिए स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को इस कैंटीन के संचालन का जिम्मा सौंपा जाएगा। इससे जहां स्थानीय महिलाओं को रोजगार मिलेगा, वहीं तीमारदारों को भी घर जैसा साफ-सुथरा भोजन मिल सकेगा। इस समय अस्पताल में आने वाले लोगों को भोजन के लिए बाहर के ढाबों और होटलों पर निर्भर रहना पड़ता है। वहां न सिर्फ खाना महंगा मिलता है, बल्कि उसकी शुद्धता की भी कोई गारंटी नहीं होती। नई कैंटीन शुरू होने से लोगों के समय और पैसे, दोनों की बड़ी बचत होगी। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि निर्माण कार्य तेजी से पूरा कर इसे जल्द से जल्द आम जनता के लिए खोल दिया जाए। तीमारदार बोलें – अब खराब खाना नहीं खाना पड़ेगा
हॉस्पिटल में आने वाले कौड़ीराम के तीमारदार राकेश ने बताया कि उनकी मां पिछले चार दिन से एडमिट हैं। मरीज को खाना तो हॉस्पिटल से मिल जा रहा है लेकिन हमें बाहर का खराब खाना पड़ता है। कैंटीन शुरू हो जाने से बहुत राहत हो जाएगी। वहीं ललिता ने कहा कैंटीन बनने से बिल्कुल पास में ही खाना मिल सकेगा। जो बाहर से शुद्ध और पौष्टिक होगा। हमें मजबूरी में खराब खाना पड़ता है। जिससे छुटकारा मिलेगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *