सीतापुर में कार हटाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट:लाठी-डंडों से किसानों पर हमला, दो युवती समेत 4 लोग घायल; केस दर्ज


सीतापुर के महोली कोतवाली क्षेत्र के हरदासपुर गांव में बुधवार शाम करीब 5 बजे खेत से धान की पौध लगाकर लौट रहे किसानों को रास्ते में खड़ी कार हटाने के लिए कहना भारी पड़ गया। मामूली कहासुनी के बाद कार सवार युवक ने अपने परिजनों को बुलाकर किसानों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में दो युवतियों समेत पांच लोग घायल हो गए। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पीड़ित संतोष कुमार पुत्र मुन्ना पासी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार को वह अपने भाई, भाभी और परिवार की अन्य महिलाओं के साथ खेत में धान की पौध लगाने गए थे। शाम को सभी लोग कृषि यंत्र लेकर वापस लौट रहे थे। गांव स्थित शिव मंदिर के पास रास्ते में दिनेश सिंह पुत्र नवल किशोर की कार खड़ी थी, जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया था। संतोष ने कार हटाने का अनुरोध किया तो दिनेश सिंह नाराज हो गया। आरोप है कि दिनेश ने अपने परिजनों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद दिनेश, नवल किशोर, नितिन, प्रभात, सत्यम समेत अन्य लोगों ने लाठी-डंडों और पटरी से हमला कर दिया। हमले में संतोष, मुन्ना, मीना देवी तथा रागिनी और मीना गंभीर रूप से घायल हो गईं। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महोली भिजवाया, जहां उनका उपचार कराया गया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इंस्पेक्टर जेबी पांडेय ने बताया कि मामले में सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *