कायमगंज सीएचसी में सिजेरियन ऑपरेशन शुरू:पहला सी-सेक्शन सफल, अब गर्भवती महिलाओं को जिला अस्पताल नहीं जाना पड़ेगा


फर्रुखाबाद के कायमगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में सिजेरियन (सी-सेक्शन) प्रसव की सुविधा शुरू हो गई है। चिकित्सकों की टीम ने हाल ही में एक गर्भवती महिला का सफलतापूर्वक सिजेरियन ऑपरेशन कर सुरक्षित प्रसव कराया। ऑपरेशन के बाद जच्चा और नवजात दोनों स्वस्थ हैं। इस सुविधा के शुरू होने से अब गर्भवती महिलाओं को सिजेरियन प्रसव के लिए जिला मुख्यालय के लोहिया अस्पताल नहीं जाना पड़ेगा। सिजेरियन ऑपरेशन आधुनिक ऑपरेशन थिएटर में सभी आवश्यक चिकित्सकीय मानकों और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए किया गया। ऑपरेशन के दौरान स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ, स्टाफ नर्सों और ऑपरेशन थिएटर की टीम मौजूद रही। प्रसूता की लगातार निगरानी की गई और नवजात को जन्म के तुरंत बाद आवश्यक चिकित्सकीय देखभाल दी गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने बताया कि शासन की प्राथमिकता प्रत्येक गर्भवती महिला को सुरक्षित मातृत्व उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से जनपद के सरकारी अस्पतालों में सामान्य प्रसव के साथ आवश्यकता होने पर निशुल्क सिजेरियन ऑपरेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। कायमगंज सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपिन सिंह ने बताया कि अस्पताल में गर्भवती महिलाओं को 24 घंटे सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण प्रसूति सेवाएं दी जा रही हैं। उन्होंने गर्भवती महिलाओं से नियमित प्रसवपूर्व जांच (एएनसी), समय पर टीकाकरण और संस्थागत प्रसव कराने की अपील की। स्वास्थ्य विभाग ने गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों से सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा प्रसव केवल सरकारी या मान्यता प्राप्त स्वास्थ्य संस्थानों में कराने की अपील की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *