सीतापुर में सपा के खिलाफ अमर्यादित होर्डिंग पर विवाद:लोहिया वाहिनी ने किया प्रदर्शन, बोले- भड़काऊ प्रचार स्वीकार्य नहीं


सीतापुर में समाजवादी पार्टी के खिलाफ शहर में लगाए गए कथित अमर्यादित होर्डिंग को लेकर एक बार फिर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे समाजवादी लोहिया वाहिनी की जिला इकाई ने विरोध प्रदर्शन करते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और होर्डिंग लगाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष मेराज अहमद के नेतृत्व में पहुंचे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि शहर में समाजवादी पार्टी की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से आपत्तिजनक और अमर्यादित भाषा वाले होर्डिंग मंगलवार को लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की हरकतें राजनीतिक माहौल को खराब करने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास हैं। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर मांग की कि होर्डिंग लगाने वाले अज्ञात लोगों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उनका कहना था कि इससे पहले भी जिले में समाजवादी पार्टी के खिलाफ इसी तरह के विवादित होर्डिंग लगाए गए थे, जिसकी शिकायत धौरहरा सांसद आनंद भदौरिया द्वारा पुलिस अधीक्षक से की गई थी। इसके बावजूद दोबारा ऐसे होर्डिंग लगाए जाना प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल खड़े करता है। लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष मेराज अहमद ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन किसी भी दल के खिलाफ अमर्यादित और भड़काऊ प्रचार स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करेगी। फिलहाल पुलिस ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एसपी अंकुर अग्रवाल का कहना है कि होर्डिंग लगाने वालों की पहचान कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *