![]()
संभल में एक महिला ने अपने पड़ोसी युवक पर पति की गैरमौजूदगी में घर में घुसकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि शिकायत करने पर आरोपी ने उसे और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। यह घटना संभल जनपद की गुन्नौर तहसील के थाना रजपुरा क्षेत्र के एक गांव की है। पीड़िता ने 11 जुलाई को अपने पति के साथ थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।शिकायत में महिला ने बताया कि उसके पति दिल्ली के मीठापुर में कारपेंटर का काम करते हैं और मकान बनाने के लिए वहां गए हुए हैं। इसी का फायदा उठाकर पड़ोसी गजेंद्र पुत्र राधे उसके घर में घुस आया और जबरन दुष्कर्म किया। हालांकि, थाना प्रभारी संदीप चौधरी ने इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी होने से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि सूचना के आधार पर पुलिस टीम भेजकर जांच कराई जाएगी और यह भी पता लगाया जाएगा कि शिकायत पुलिस चौकी पर तो नहीं दी गई है। पीड़िता के पति ने बताया कि वह दिल्ली में काम करते हैं, जबकि उनके घर के सामने रहने वाला गजेंद्र ट्रैक्टर चलाकर खेती करता है। पति के अनुसार, करीब ढाई महीने पहले गजेंद्र ने जादू-टोना करके उनकी पत्नी को अपने वश में कर लिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले सवा दो महीने से गजेंद्र लगातार उनकी पत्नी के साथ दुष्कर्म कर रहा है। पति ने यह भी बताया कि आरोपी के पास तमंचा रहता है, जिसके बल पर वह उनकी पत्नी को डराता-धमकाता रहता है। आरोपी के भी बच्चे हैं, जबकि उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं। पति ने कहा, कि उन्होंने बड़ी मुश्किल से अपनी पत्नी को बचाया है। थाना प्रभारी संदीप चौधरी द्वारा शिकायत न मिलने की बात पर पति ने जोर देकर कहा कि वह बुधवार को अपनी पत्नी के साथ थाने गए थे और शिकायत दर्ज कराई थी। उनका कहना है कि मामले में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसलिए, वह आज (गुरुवार) फिर अपनी पत्नी को लेकर थाने जाएंगे ताकि पुलिस कार्रवाई करे।
Source link
संभल में जादू-टोना कर महिला से दुष्कर्म का आरोप:पड़ोसी युवक की शिकायत की, पति दिल्ली में कारपेंटर