लखनऊ के होटल रेनेसां में अवैध स्टोर सील:ग्रीन बेल्ट में बने बेसमेंट पर भी होगी कार्रवाई, 24 घंटे में खाली करने का अल्टीमेटम


लखनऊ में अग्नि सुरक्षा जांच में मिली अनियमितताओं के बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने मंगलवार को गोमती नगर स्थित होटल रेनेसां के साइड सेटबैक में बने अवैध स्टोर को सील कर दिया। वहीं, ग्रीन बेल्ट के नीचे बनाए गए अवैध बेसमेंट को खाली करने के लिए होटल प्रबंधन को 24 घंटे का समय दिया गया है। इसके बाद बेसमेंट को भी सील किया जाएगा। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शहर के होटल, बैंक्वेट हॉल, अस्पताल और अन्य बहुमंजिला भवनों की जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान होटल रेनेसां के निरीक्षण में कई निर्माण नियमों का उल्लंघन सामने आया। जांच में पाया गया कि होटल को आवंटित ग्रीन बेल्ट क्षेत्र के नीचे अवैध बेसमेंट बनाया गया है। इसके अलावा साइड सेटबैक में भी बिना अनुमति स्टोर का निर्माण कर लिया गया था। एलडीए ने पहले होटल प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब और आवश्यक दस्तावेज मांगे थे, लेकिन संतोषजनक साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किए गए। इसके बाद सक्षम प्राधिकारी के आदेश पर मंगलवार को प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध स्टोर को सील कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक, बेसमेंट खाली होते ही उस पर भी सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी। बीकेटी में 20 बीघे की 5 अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोजर एलडीए ने मंगलवार को बीकेटी क्षेत्र में भी अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान चलाया। ग्राम भैसामऊ और डिगोई में करीब 20 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही पांच अवैध प्लॉटिंग को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान सड़कें, प्लॉटों की बाउंड्री और अन्य अवैध निर्माण हटाए गए। एलडीए अधिकारियों ने कहा कि बिना स्वीकृत लेआउट के विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग और नियमों के विपरीत निर्माण पर आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *