सपा ने शुरू की विधानसभा चुनाव की तैयारी:प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, बूथ स्तर पर मजबूती को जी जान से जुटें


समाजवादी पार्टी (सपा) ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपनी तैयारियों को जमीनी स्तर पर तेज कर दिया है। सोमवार को प्रयागराज स्थित पार्टी के जिला कार्यालय में एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक आयोजित की गई। इसमें प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं को बूथ-स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए जुट जाने का निर्देश दिया। प्रदेश अध्यक्ष ने बूथ प्रबंधन को जीत की आधारशिला बताया। उन्होंने कहा कि केवल चुनावी माहौल बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि बूथों पर संगठन की जमीनी पकड़ मजबूत होना अनिवार्य है। पाल ने सभी पदाधिकारियों को ‘सेक्टर-वार पुनर्समीक्षा’ का विशेष निर्देश दिया, जिसके तहत प्रत्येक सेक्टर के अंतर्गत आने वाले बूथों की सूक्ष्म समीक्षा की जाएगी ताकि संगठन की कमजोरियों को तुरंत दूर किया जा सके। कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया कि वे संगठन की मजबूती को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और बूथ स्तर तक पार्टी का तंत्र खड़ा करें। प्रदेश अध्यक्ष ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि वह अपनी हर नीति और कार्यशैली में विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता इस समय सरकार की जनविरोधी नीतियों का दंश झेल रही है। श्यामलाल पाल ने बढ़ती महंगाई, युवाओं के लिए रोजगार का अभाव, बार-बार परीक्षाओं के पेपर लीक होने और किसानों को समय पर खाद, बीज व पानी उपलब्ध कराने में सरकार की विफलता को प्रमुख मुद्दे बताया। उन्होंने दावा किया कि सपा ही प्रदेश का एकमात्र विकल्प है और कार्यकर्ताओं से भाजपा सरकार के कुशासन को जनता के बीच उजागर करने का आह्वान किया। बैठक में प्रयागराज की पूरी संगठनात्मक टीम ने भाग लिया और चुनावी तैयारियों की रूपरेखा पर मंथन किया। गंगापार अध्यक्ष अनिल यादव, यमुनापार अध्यक्ष पप्पूलाल निषाद और महानगर अध्यक्ष सैयद इफ़्तेख़ार हुसैन ने चुनावी गतिविधियों और बूथ-प्रबंधन की तैयारियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव, अमरनाथ सिंह मौर्य, प्रवक्ता दान बहादुर मधुर और महासचिव रविन्द्र यादव एडवोकेट ने भी संगठन को मजबूत करने तथा जनता के बीच सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *