गोरखपुर में शिक्षक-कर्मचारियों का आंदोलन तेज:25 सितंबर को लखनऊ में करेंगे महारैली, पुरानी पेंशन समेत कई मांगों पर होगा प्रदर्शन


गोरखपुर में पुरानी पेंशन बहाली, शिक्षा के निजीकरण का विरोध और टीईटी अनिवार्यता समाप्त करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर शिक्षक और कर्मचारियों का आंदोलन एक बार फिर तेज होता नजर आ रहा है। शुक्रवार को दोपहर 3:00 बजे गोरखपुर में आरटीओ कार्यालय के सामने अटेवा (ATEWA) और एनएमओपीएस (NMOPS) की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेशव्यापी आंदोलन की रूपरेखा तय की गई और 25 सितंबर 2026 को लखनऊ में प्रस्तावित विशाल महारैली को सफल बनाने का संकल्प लिया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने दावा किया कि इस महारैली में प्रदेशभर से लाखों शिक्षक और कर्मचारी शामिल होकर सरकार के सामने अपनी मांगों को मजबूती से रखेंगे। लखनऊ में शक्ति प्रदर्शन की तैयारी बैठक को संबोधित करते हुए ATEWA एवं NMOPS के अध्यक्ष विजय कुमार बन्धू ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली सहित अन्य लंबित मांगों को लेकर शिक्षक और कर्मचारी लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। ऐसे में 25 सितंबर को लखनऊ में होने वाली महारैली आंदोलन का सबसे बड़ा चरण होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर जिले से शिक्षक और कर्मचारी बड़ी संख्या में पहुंचेंगे और अपनी एकजुटता का परिचय देंगे। तीन चरणों में चलेगा प्रदेशव्यापी आंदोलन बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुनील कुमार दूबे ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री ज्ञान प्रकाश सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि आंदोलन को तीन चरणों में संचालित किया जाएगा। पहले चरण में 10 जुलाई से 15 अगस्त तक ब्लॉक स्तर पर जनजागरण अभियान और संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक कर्मचारियों को आंदोलन से जोड़ा जा सके। दूसरे चरण में 29 अगस्त को जिला मुख्यालय पर तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी और जिलाधिकारी के माध्यम से सरकार को मांगपत्र सौंपा जाएगा। इसके बाद तीसरे चरण में 25 सितंबर को राजधानी लखनऊ में प्रदेश स्तरीय विशाल महारैली आयोजित होगी। मांगों के समर्थन में एकजुट होने की अपील
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली, निजीकरण पर रोक और अन्य कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर सभी शिक्षक और कर्मचारियों को एक मंच पर आना होगा। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करने के लिए आंदोलन को मजबूत बनाना जरूरी है। संगठन ने सभी जिलों के पदाधिकारियों और कर्मचारियों से आगामी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। कई पदाधिकारी और शिक्षक-कर्मचारी रहे मौजूद
बैठक को जिला उपाध्यक्ष राजकुमार, संतोष पाठक और जिला प्रवक्ता अवनींद्र कुमार सिंह ने भी संबोधित किया। इस दौरान सुनील कुमार दूबे, ज्ञान प्रकाश सिंह, राजकुमार, संतोष पाठक, इश्तियाक अहमद, विजय यादव, यादवेन्द्र यादव, मेवालाल मौर्य, अवनींद्र कुमार सिंह, संदीप सिंह, आनंद कुमार, वीरेंद्र प्रसाद, अर्जुन गुप्ता, शिवप्रसाद शर्मा, वरुण दूबे सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे। बैठक के अंत में सभी ने 25 सितंबर की महारैली को सफल बनाने का संकल्प लिया और कहा कि अपनी मांगों को लेकर संघर्ष जारी रहेगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *