![]()
संभल में आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे पर एक सड़क हादसे में 60 वर्षीय साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग ने अलीगढ़ के मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। यह घटना शनिवार शाम करीब 5 बजे जनपद संभल की तहसील गुन्नौर के थाना बबराला क्षेत्र में आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे स्थित गांव इटऊआ के पास हुई। मृतक की पहचान गांव बाघऊ निवासी मुस्ताक (60 वर्षीय) पुत्र नज्जू के रूप में हुई है। मुस्ताक अपने खेत की ओर जा रहे थे जब एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने घायल बुजुर्ग को उठाकर बैठाया और बाइक चालक को पकड़ने का प्रयास भी किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और मुस्ताक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुन्नौर में भर्ती कराया गया। शाम 5:30 बजे तक सड़क हादसे की सूचना मिलने पर परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। बाइक की टक्कर से मुस्ताक की हालत गंभीर बनी हुई थी। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन मुस्ताक को इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, अलीगढ़ ले गए। शनिवार रात करीब 11 बजे अस्पताल पहुंचते ही उन्होंने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव रविवार सुबह 10 बजे गांव पहुंचा। मुस्ताक अपने पीछे पत्नी शौक़ीना और चार पुत्रों इसरार, हनीफ, इकरार, इस्तखार को छोड़ गए हैं। थानाध्यक्ष नितेश सहरावत ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। पुलिस सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत की जांच कर रही है और फरार बाइक चालक की तलाश जारी है। पोस्टमार्टम अलीगढ़ के मेडिकल कॉलेज में ही संपन्न हुआ है।
Source link
बाइक की टक्कर से साईकिल सवार बुजुर्ग की मौत:संभल के आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर हुआ हादसा, अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम