महोबा में नाले में बही बारातियों की कार:उफनती नदी में कूदे युवक, दूल्हे के पिता समेत 6 को बचाया, डेढ़ घंटे तक चला रेस्क्यू


महोबा में बारातियों से भरी एक बोलेरो कार बेकाबू होकर नाले में बह गई। कार में सवार दूल्हे के पिता समेत 6 बाराती फंस गए। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय मुस्लिम युवकों ने उफनती नदी में छलांग लगा दी। सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना शनिवार की रात करीब 10 बजे खन्ना थाने के सिरसीकला गांव के श्याम नाला के पास हुई। चिचारा गांव के रामऔतार के बेटे रोहित की बारात बांदा के मसारी गांव जा रही थी। सिरसीकला गांव के पास श्याम नाला पर बने निर्माणाधीन पुल के अस्थायी रास्ते से गुजरते समय बारातियों से भरी बोलेरो कार बेकाबू होकर नाले में जा गिरी। डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद बारितियों को बाहर निकाला
कार के बहने और चीख-पुकार सुनकर पास में ट्रैक्टर सुधारने की दुकान चलाने वाले इसराइल के बेटों तौफीक और शफीक ने अपने साथियों इरफान, जमशेद और दीनदयाल के साथ तुरंत उफनती नदी में छलांग लगा दी। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सभी छह बारातियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस ने ट्रैक्टर की मदद से कार बाहर निकाली
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रैक्टर की मदद से कार को नाले से बाहर निकाला। श्याम नाला पर पिछले लगभग एक साल से पुल का निर्माण कार्य जारी है, जिसके लिए एक अस्थायी वैकल्पिक मार्ग बनाया गया था। बारिश के कारण नदी में पानी का बहाव अत्यधिक तेज था, बावजूद इसके पीडब्ल्यूडी विभाग और ठेकेदारों ने इस खतरनाक अस्थायी रास्ते पर कोई बैरिकेडिंग नहीं लगाई थी, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। हादसे की खबर मिलते ही खन्ना थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर मंगवाकर बोलेरो कार को भी नदी से बाहर निकाला गया। स्थानीय निवासी जब्बार और कालीचरण प्रजापति का कहना है कि पीडब्ल्यूडी विभाग पिछले कई महीनों से धीमी गति से काम कर रहा है। बीच-बीच में काम बंद कर दिया जाता है, जिससे यहां हर वक्त बड़ा हादसा होने का खतरा मंडराता रहता है। फिलहाल, सभी बाराती पूरी तरह सुरक्षित हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *