![]()
कन्नौज के तालग्राम ब्लाक क्षेत्र की ग्राम पंचायत रसूलपुर में रविवार को पौधरोपण होना है। जिसके लिए शनिवार शाम 5 बजे प्रशासनिक टीम चरागाह की जमीन पर गड्ढे खुदवाने पहुंची, लेकिन यहां ग्रामीणों ने विरोध करते हुए हंगामा कर दिया। जिसके बाद टीम बैरंग लौट गई। ग्राम पंचायत रसूलपुर के गाटा संख्या 65 में पौधरोपण तथा गाटा संख्या 39 में नैपियर घास लगाने की योजना बनाई गई है। खंड विकास अधिकारी उमाशंकर शाहू ने गाटा संख्या 65 का निरीक्षण कर शनिवार शाम पौधरोपण के लिए गड्ढे खुदवाने की तैयारी कराई थी। जिसकी जानकारी मिलने पर कब्जाधारकों ने रात में खेत में पानी भर दिया। शनिवार शाम 5 बजे बीडीओ उमाशंकर शाहू, लेखपाल अनुराग दुबे तथा इंदिरा नगर चौकी प्रभारी राजेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। खेत में भरे पानी को निकलवाने का उन्होंने कार्य शुरू करवा दिया, लेकिन तभी कथित पट्टा धारक ग्रामीण वहां पहुंच गए और विरोध करते हुए हंगामा कर दिया। स्थिति को बिगड़ता देख प्रशासनिक टीम को कार्रवाई रोकनी पड़ी और शाम 7 बजे टीम बैरंग लौट गई। हंगामे के दौरान रसूलपुर गांव निवासी वालस्टर की तबीयत बिगड़ने पर उसे 108 एंबुलेंस की सहायता से सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार कराया गया। बीडीओ उमाशंकर शाहू ने बताया कि ग्राम पंचायत में कुल 700 पौधे लगाए जाने हैं। इसके अलावा गाटा संख्या 39 की दो बीघा जमीन में नैपियर घास लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि गाटा संख्या 39 के चारों ओर पौधरोपण के लिए 100 गड्ढे पहले ही खुदवाए जा चुके थे। लेखपाल अनुराग दुबे ने बताया कि गाटा संख्या 65 राजस्व अभिलेखों में लगभग साढ़े छह बीघा पशुचर (चारागाह) भूमि के रूप में दर्ज है। जिस पर कुछ लोगों ने कब्जा कर रखा है। उधर उपजिलाधिकारी छिबरामऊ ज्ञानेंद्र कुमार द्विवेदी ने बताया किया कि चारागाह भूमि का पट्टा नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि रविवार को पुलिस बल की मौजूदगी में नियमानुसार पौधरोपण कराया जाएगा।
Source link
कन्नौज में चारागाह पर पौधरोपण का ग्रामीणों ने किया विरोध:प्रशासनिक टीम को लौटना पड़ा, पुलिस बल की मौजूदगी में होगा काम