कानपुर में भतीजे ने चाचा को मारी गोली:हालत गंभीर, 17 दिन तक अस्पताल में कराया इलाज; पुलिस से छिपाई घटना


कानपुर के घाटमपुर में 23 जून की शाम खेल-खेल में 10 साल के भतीजे से चाचा को गोली लग गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना घायल युवक को कल्याणपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। 17 दिन तक इलाज चलता रहा, लेकिन जब अस्पताल का बिल जमा करने कोई नहीं पहुंचा तो शुक्रवार को अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही कल्याणपुर पुलिस अस्पताल पहुंची और घाटमपुर पुलिस को मामले की जानकारी दी। एसीपी घाटमपुर कृष्णकांत यादव ने अस्पताल पहुंचकर घायल युवक से पूछताछ की। युवक ने बताया कि भतीजा अवैध तमंचे से खेल रहा था, तभी अचानक फायर हो गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। खेलते समय चल गई गोली घाटमपुर थाना क्षेत्र के बलरामपुर गांव निवासी सत्यम चौधरी ने पुलिस को बताया कि 20 जून को वह अपने 10 वर्षीय भतीजे राहुल के साथ जामुन तोड़ने गया था। उसी दौरान पेड़ के पास एक अवैध तमंचा पड़ा मिला। दोनों उसे घर ले आए। सत्यम का कहना है कि उसने तमंचा अपने पिता को भी दिखाया, जिन्होंने उसे रख लेने की बात कही। सत्यम ने बताया कि 23 जून की शाम राहुल तमंचे से खेल रहा था। मजाक में उसने कहा, “चाचू गोली मार दूं।” इसी दौरान अचानक तमंचे से फायर हो गया। गोली सत्यम के सीने में लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। 17 दिन तक पुलिस से छिपाई घटना गोली लगने के बाद परिजन घायल को बिना पुलिस को सूचना दिए कल्याणपुर के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां पिछले 17 दिनों से उसका इलाज चल रहा था। दो दिन पहले परिजन अस्पताल से चले गए और वापस नहीं लौटे। शुक्रवार को अस्पताल प्रबंधन ने बिल जमा न होने पर पुलिस को सूचना दी। जांच में एचआईवी संक्रमित होने की जानकारी मिली इलाज के दौरान डॉक्टरों की जांच में घायल युवक के एचआईवी संक्रमित होने की जानकारी सामने आई। अस्पताल के अनुसार, परिजनों ने पहले इसकी जानकारी नहीं दी थी। सूचना मिलने के बाद घाटमपुर पुलिस बलरामपुर गांव पहुंची और परिवार से पूछताछ की। पुलिस ने 10 वर्षीय राहुल से भी बात की। उसने बताया कि वह तमंचे से खेल रहा था, तभी अचानक गोली चल गई। एसीपी कृष्णकांत यादव ने बताया कि घटना करीब 17 दिन पुरानी है और इसकी सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी। घायल ने पूछताछ में बताया कि तमंचा जामुन के पेड़ के पास मिला था। उसी से खेलते समय भतीजे से फायर हो गया। पुलिस तमंचे की बरामदगी का प्रयास कर रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *