![]()
हापुड़ के अनुदानित नीम कोटेड यूरिया के कथित औद्योगिक दुरुपयोग के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला कृषि विभाग की सूचना पर ततारपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक प्लाईवुड फैक्ट्री में छापेमारी कर 25 बैग यूरिया जब्त की गई। मौके पर यूरिया से लदे वाहन को भी सीज कर दिया गया। जिला कृषि अधिकारी गौरव प्रकाश ने बताया कि गुरुवार शाम लगभग 6 बजे उन्हें सूचना मिली थी कि एक वाहन में अनुदानित नीम कोटेड यूरिया ततारपुर औद्योगिक क्षेत्र की ओर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही टीम ने वाहन का पीछा किया और प्लाईवुड फैक्ट्री में पहुंचकर कार्रवाई की। जांच के दौरान वाहन से 25 बैग नीम कोटेड यूरिया उतारी जा रही थी। इस कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार हापुड़ श्वेता छापड़िया, जिला कृषि अधिकारी गौरव प्रकाश, प्रधान सहायक संजय कर्दम, वरिष्ठ सहायक संदीप भाटी और मेराज हसन सहित वाहन चालक नरेश मौके पर मौजूद थे। अधिकारियों ने यूरिया के पूरे स्टॉक और वाहन को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। जिला कृषि अधिकारी ने स्पष्ट किया कि कृषि कार्य के लिए सरकार द्वारा अनुदानित नीम कोटेड यूरिया का औद्योगिक उपयोग उर्वरक (नियंत्रण) आदेश-1985 (FCO-1985) के प्रावधानों का उल्लंघन है। यह आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 के तहत एक दंडनीय अपराध है। उन्होंने बताया कि संबंधित प्लाईवुड फैक्ट्री के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत एफआईआर दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
Source link
हापुड़ में प्लाईवुड फैक्ट्री पर कार्रवाई:25 बोरी नीम कोटेड यूरिया जब्त, वाहन सीज