प्रमोद यादव | प्रयागराज5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (यूपीईएसएससी) ने असिस्टेंट प्रोफेसर बीएड के 107 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन पोर्टल फिर से खोल दिया है। यह निर्णय इलाहाबाद उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में लिया गया है। अब 28 अप्रैल 2026 तक शैक्षिक अर्हता पूरी करने वाले अभ्यर्थी 10 से 20 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
आयोग द्वारा जारी शुद्धिपत्र के अनुसार, इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन पोर्टल https://bed.upessc.org पर उपलब्ध है। यह पोर्टल उन सभी अभ्यर्थियों के लिए खोला गया है जो विज्ञापन जारी होने की तिथि 28 अप्रैल 2026 तक निर्धारित शैक्षिक योग्यता रखते हैं।

दरअसल, असिस्टेंट प्रोफेसर बीएड के इन पदों के लिए मूल विज्ञापन वर्ष 2022 में उच्चतर शिक्षा चयन आयोग द्वारा जारी किया गया था। एक वर्ष बाद उच्चतर शिक्षा चयन आयोग को समाप्त कर शिक्षा सेवा चयन आयोग का गठन किया गया, जो अब इस भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ा रहा है।
असिस्टेंट प्रोफेसर बीएड की अर्हता को लेकर कई बार बदलाव हुए हैं। शिक्षा सेवा चयन आयोग ने भी 28 अप्रैल 2026 को विज्ञापन जारी कर आवेदन आमंत्रित किए थे, जिसमें शर्त थी कि केवल वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने 12 फरवरी 2026 तक अर्हता पूरी कर ली थी।
इस शर्त के विरुद्ध रोशन कुमार पाण्डेय ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। उनकी दलील थी कि भर्ती का विज्ञापन जारी होने तक अर्हता पूरी करने वाले सभी अभ्यर्थियों को आवेदन का अवसर मिलना चाहिए। न्यायालय ने इस दलील को स्वीकार करते हुए विज्ञापन जारी होने की तिथि तक अर्हता पूरी करने वालों को एक मौका देने का आदेश दिया। इसी आदेश के तहत आयोग ने अब पोर्टल खोला है।
