![]()
लखीमपुर खीरी की उचौलिया थाना पुलिस ने सोमवार देर रात एक मुठभेड़ के बाद लूट के मामले में वांछित बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी। उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो बदमाश मोटरसाइकिल पर अवैध असलहे के साथ आ रहे हैं। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में अरुणेश दीक्षित उर्फ गुड्डू उर्फ रामनरेश (45) घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। अरुणेश साद खेड़ा, थाना फतेहपुर चौरासी, जनपद उन्नाव का निवासी है। उसका साथी सुनीत द्विवेदी उर्फ प्रद्युम्न मौके से भागने में सफल रहा। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। इसके अलावा, लूटा गया एक Vivo Y17 मोबाइल फोन, 3 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त डिस्कवर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि अरुणेश दीक्षित लूट के कई मुकदमों में वांछित था। उसके खिलाफ शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव और खीरी सहित विभिन्न जनपदों में लूट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत कुल 19 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इस मुठभेड़ के संबंध में उचौलिया थाने में एक अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Source link
लखीमपुर खीरी में लूट के आरोपी से मुठभेड़:पुलिस ने पैर में गोली मारकर पकड़ा, अंधेरे का फायदा उठाकर साथी फरार