ग्रेटर नोएडा में एसी ब्लास्ट:मकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जला


ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र स्थित ननुआ का राजपुर गांव में सोमवार सुबह करीब 10 बजे एक मकान में भीषण आग लग गई। यह आग एसी में हुए ब्लास्ट के बाद लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। घर के दो कमरे पूरी तरह से आग की चपेट में आ गए, जिससे लाखों रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि परिवार के सभी सदस्य समय रहते घर से बाहर निकल आए और कोई जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार, ग्रेटर नोएडा निवासी विजय शर्मा ने कुछ महीने पहले ही गांव में प्लॉट खरीदकर मकान बनवाया था और अपने परिवार के साथ वहीं रह रहे थे। सोमवार सुबह अचानक कमरे में लगे एसी में तेज धमाके के साथ ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट के बाद कमरे की विद्युत वायरिंग में आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। परिवार के लोगों ने धुआं और लपटें उठती देख तुरंत बाहर भागकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना ग्रामीणों और पीड़ित परिवार ने तुरंत फायर ब्रिगेड और दनकौर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक दो कमरों में रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, कपड़े और अन्य कीमती घरेलू सामान पूरी तरह जल चुका था। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि अत्यधिक गर्मी के कारण एसी में ब्लास्ट हुआ, जिससे शॉर्ट सर्किट होने पर आग फैल गई। दनकौर पुलिस ने बताया कि घटना में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ है। पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर रहे हैं। पीड़ित परिवार को घटना से लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *