![]()
सीतापुर में एसपी अंकुर अग्रवाल ने रविवार शाम करीब 9 बजे जिले की कानून-व्यवस्था में लापरवाही बरतने पर एक थानाध्यक्ष पर कार्रवाई की है। इसके साथ कई थानाध्यक्षों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। इस दौरान रामपुर मथुरा थाने के प्रभारी निरीक्षक श्यामू कन्नौजिया पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें पदावनत कर चौकी प्रभारी के पद पर भेज दिया गया है। रामपुर मथुरा थाने के बाहर महिलाओं ने प्रदर्शन किया था। मामले में एसपी के मुकदमा दर्ज करने के आदेश की अनदेखी सामने आने पर प्रदर्शन के दौरान क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद वेद प्रकाश ने भी थानाध्यक्ष को फटकार लगाई थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए श्यामू कन्नौजिया को रामपुर मथुरा थाने से हटाकर कोतवाली देहात क्षेत्र की नैपालापुर चौकी का प्रभारी नियुक्त कर दिया। स्थानांतरण आदेश के अनुसार सदरपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक मुकेश वर्मा को रामपुर मथुरा थाने की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं मानपुर थानाध्यक्ष आशुतोष मिश्रा को सदरपुर थाने का प्रभारी बनाया गया है। कमलापुर थाने में निरीक्षक अपराध के पद पर तैनात संतोष सिंह को मानपुर थाने की कमान दी गई है। इसके अलावा खैराबाद कस्बा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रजनीश कुमार वर्मा को पदोन्नति देते हुए मछरेहटा थाने का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। मछरेहटा के प्रभारी निरीक्षक प्रभात गुप्ता का तबादला कर उन्हें पिसावां थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस महकमे में हुए इन तबादलों को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि पुलिस अधीक्षक ने कार्यप्रणाली में सुधार, कानून-व्यवस्था को मजबूत करने तथा जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से यह फेरबदल किया है।
Source link
एसपी ने SHO को डिमोट कर चौकी इंचार्ज बनाया:रामपुर मथुरा प्रभारी पर कार्रवाई, कई थाना इंचार्ज के कार्यक्षेत्र बदले