![]()
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत आगरा के गरीब और जरूरतमंद परिवारों का अपने घर का सपना साकार होने की ओर बढ़ रहा है। नगर निगम अब लगभग 5 हजार पात्र परिवारों को पक्के आवास का लाभ दिलाने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है। फिलहाल 2,685 लाभार्थियों के आवास स्वीकृत हो चुके हैं, जिनके खातों में पहली किश्त की 1 लाख की धनराशि भेजी जा चुकी है।
आगरा में 21,428 आवेदनों का भौतिक सत्यापन तेजी से कराया जा रहा है। बाकी पात्र आवेदकों के खाते भी जल्द धनराशि भेजी जाएगी। वहीं, इस योजना के नाम पर ठगी करने वाले दलालों के सक्रिय होने की शिकायतों के बाद नगर निगम ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। आवेदकों का हो रहा सत्यापन
परियोजना अधिकारी डूडा एवं अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बताया-पीएम आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को पारदर्शी तरीके से योजना का लाभ दिया जा रहा है। नगर निगम के 79 अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमें घर-घर जाकर आवेदनों का भौतिक सत्यापन कर रही हैं, ताकि पात्र लोगों को जल्द से जल्द आवास स्वीकृत किया जा सके।
उन्होंने बताया-हाल के दिनों में कुछ फर्जी लोग स्वयं को नगर निगम का कर्मचारी या जांच अधिकारी बताकर लाभार्थियों के घर पहुंच रहे हैं और जांच कराने के नाम पर 500 रुपये की मांग कर रहे हैं। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि ऐसे व्यक्तियों का विभाग से कोई संबंध नहीं है और उनके द्वारा की जा रही धन उगाही पूरी तरह अवैध है। पीएम आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत आवेदन, सत्यापन, स्वीकृति अथवा किसी भी अन्य प्रक्रिया के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता। यदि कोई व्यक्ति पैसे की मांग करता है तो उसकी सूचना तत्काल नगर निगम को दें, ताकि उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। उन्होंने लाभार्थियों से अपील की है, वे किसी भी दलाल या बिचौलिए के बहकावे में न आएं और केवल अधिकृत अधिकारियों के साथ ही सहयोग करें। इस पर नंबर करें शिकायत
किसी भी प्रकार की धन उगाही या फर्जीवाड़े की शिकायत हेल्पलाइन नंबर 9151999105 पर दर्ज कराई जा सकती है। शिकायत मिलने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Source link
5 हजार लोगों के आशियने का सपना होगा पूरा:आगरा में पीएम आवास योजना के 21 हजार आवेदन, टीमें कर रहीं सत्यापन