36 घंटे में सर्पदंश के 5 केस:दो रेफर, अयोध्या मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज


अयोध्या जिले में उमसभरी गर्मी और बारिश के कारण सर्पदंश के मामलों में वृद्धि हुई है। पिछले 36 घंटों में पांच सर्पदंश पीड़ित अस्पताल पहुंचे, जिनमें से दो की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर किया गया है। 4 जुलाई शनिवार देर शाम को शुकुल बाजार थाना क्षेत्र के नजर अली का पुरवा निवासी 16 वर्षीय रुद्र सेन को घर में सांप ने काट लिया। परिजन पहले उसे खंडासा थाना क्षेत्र स्थित गहनाग मंदिर में झाड़-फूंक के लिए ले गए। हालांकि, वहां से लौटते समय किशोर की हालत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे तत्काल सौ बेड अस्पताल कुमारगंज ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद भी स्थिति गंभीर बनी रहने पर उसे मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर कर दिया गया। इसी अवधि में धनैचा गांव के 16 वर्षीय जीसान, बकचुना-खंडासा की 36 वर्षीय शांति देवी, 65 वर्षीय हरिनाथ और 40 वर्षीय रोहित मिश्रा भी सर्पदंश के शिकार होकर अस्पताल पहुंचे। सभी का इलाज चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा है। इन मरीजों में से एक अन्य गंभीर पीड़ित को भी मेडिकल कॉलेज दर्शननगर भेजा गया है, जबकि बाकी की हालत स्थिर बताई जा रही है। अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि बरसात के मौसम में बिलों में पानी भर जाने के कारण सांप सुरक्षित स्थानों की तलाश में घरों और आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आ जाते हैं। उन्होंने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। चिकित्सकों ने सलाह दी है कि सर्पदंश होने पर झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय बर्बाद न करें, बल्कि तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचें। समय पर एंटी-स्नेक वेनम और उचित चिकित्सा से अधिकांश मरीजों की जान बचाई जा सकती है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *