![]()
पठानकोट में युवक की दातर-गंडासियों से काटकर हत्या कर दी गई। 2 कारों में आए हमलावरों ने उसके दोनों हाथ और पैर काट दिए। वहीं उसका दोस्त घायल हो गया। ये पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसमें 12 हमलावर युवक को दातर-गंडासियों से काटते नजर आ रहे हैं। मृतक का मरने से पहले बनाया गया वीडियो सामने आया है। जिसमें मृतक ने कुछ हमलावरों के नाम बताए हैं और पूरे घटनाक्रम की जानकारी भी दी। उसने कहा- देखो मेरी क्या हालत कर दी है इन लोगों ने। इन सब पर तुरंत पर्चा दर्ज करवाओ। वह डॉक्टरों से इंजेक्शन लगाने की मिन्नतें करता भी सुनाई दे रहा है। मृतक की पहचान गुलशन के तौर पर हुई है। हमला देर रात साढ़े 12 बजे के आसपास किया गया। इसकी सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-2 की पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इस मामले को पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। अभी तक हत्या के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। जानकारी के अनुसार, गुलशन कुमार के खिलाफ 2 मामले दर्ज थे। दोस्त के साथ बाइक पर जा रहा था
जानकारी के अनुसार गुलशन और उसका दोस्त वार्ड नंबर 30 स्थित कच्चे क्वार्टर, मॉडल टाउन क्षेत्र (पठानकोट) के रहने वाले हैं। वारदात को अंजाम देने वाले हमलावर भी इसी मोहल्ले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। गुरुवार रात को गुलशन कुमार अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल पर घर से निकला था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने दोनों को रास्ते में घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने पुरानी रंजिश के चलते दोनों पर दातर-गंडासियों से हमला कर दिया। गुलशन के हाथ पैर काट दिए गए। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने गुलशन कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसका साथी गंभीर रूप से घायल है और ट्रॉमा सेंटर में उपचाराधीन है। युवक ने मरने से पहले पूरी कहानी बताई एक हमलावर ने हाथ दिया, बाइक धीमी की
गुलशन के साथ मौजूद दोस्त सुनील कुमार ने बताया कि वारदात के वक्त मैं और गुलशन भाई दोनों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार थे। हम अभी घर से खाना खाकर निकले ही थे कि रास्ते में अचानक आरोपी विक्की सामने आ गया। विक्की ने हमें रुकने का इशारा करते हुए हाथ दिया। हमें लगा कि कोई सामान्य बात होगी, इसलिए हमने मोटरसाइकिल धीमी कर दी। विक्की का हाथ देना दरअसल एक इशारा था। जैसे ही मोटरसाइकिल रुकी, वैसे ही वहां घात लगाकर बैठे उसके बाकी साथी चीखते हुए उन पर टूट पड़े। गाड़ी से निकाले दातर, वार किए
सुनील ने बताया कि हमलावर 2 गाड़ियों में आए थे और उनके पास खतरनाक हथियार थे। हमलावरों ने अपनी गाड़ी में से तुरंत तेजधार दातर निकाले। सबसे पहले उन्होंने मुझ पर दातर से वार किया। वार होते ही मैं अपनी जान बचाने के लिए किसी तरह वहां से भागा। मेरे भागते ही सभी हमलावरों ने अकेले पड़े गुलशन को घेर लिया और उस पर दातर से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। इस दौरान हमलावरों ने गोलियां भी चलाईं। दोस्त बोला- हमलावरों को मिले फांसी
सुनील ने बताया कि सुबह पुलिस को जांच के दौरान खोल भी मिले हैं। गुलशन मुझे छोड़ने आ रहे थे, मुझे क्या पता था कि उनकी हत्या कर दी जाएगी। अब मुझे पता चला है कि भाई की डेथ हो गई है। हमारी सरकार और पुलिस से बस एक ही मांग है कि कातिलों को सख्त से सख्त सजा दी जाए। कुछ लोगों से चल रहा था विवाद
लोगों ने बताया कि गुलशन कुमार का शहर के कुछ लोगों के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है। वार्ड नंबर 30 के पार्षद राहुल ने कहा कि मृतक का पहले भी कुछ लोगों के साथ झगड़ा हो चुका था। उन्होंने कहा कि बीच गली में हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। पार्षद राहुल बोले- हमलावरों को गिरफ्तार करे पुलिस
पार्षद राहुल ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि इससे असामाजिक तत्वों में कानून का डर बना रहेगा। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा
थाना डिवीजन नंबर 2 के जांच अधिकारी ASI हरप्रीत सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल पठानकोट भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हमलावरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। गुलशन पर फायरिंग और लूट के 2 केस दर्ज थे
गुलशन शादीशुदा था। परिवार में पत्नी, मां, दो बहनें, एक छोटा भाई और डेढ़ साल का बेटा है। फिलहाल वह बेरोजगार था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गुलशन के खिलाफ 30 मार्च 2024 को पठानकोट जिला अदालत के बाहर हुई गैंगवार में फायरिंग करने का मामला दर्ज है। इसके अलावा साल 2025 में उसके खिलाफ लूट का एक केस भी दर्ज किया गया था।
Source link
पठानकोट में युवक के हाथ-पैर काटकर हत्या:CCTV में काटते दिखे हमलावर; मरने से पहले वीडियो बनाया, कातिलों के बताए नाम