शामली एक्सप्रेसवे धंसा, NHAI ने की कार्रवाई:टीम लीडर निलंबित, निर्माण कंपनी को नोटिस जारी


दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून एक्सप्रेसवे पर शामली में सड़क धंसने के मामले में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रारंभिक जांच में निर्माण गुणवत्ता और जल निकासी व्यवस्था में खामियां मिलने के बाद अथॉरिटी इंजीनियरिंग कंसल्टेंसी के टीम लीडर कुलदीप कुमार राजदान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निर्माण कंपनी और संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किए गए हैं, जिनका जवाब तीन दिन के भीतर मांगा गया है। यह घटना 1 जुलाई को हुई बारिश के बाद शामली जनपद में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 55+480 पर करौंदा महाजन गांव और डूंगर के पास सामने आई। सड़क की ढलान धंसने से बड़े गड्ढे बन गए थे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कर यातायात बहाल किया। बागपत परियोजना निदेशक नरेंद्र कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में निर्माण गुणवत्ता में कमी, ढलान की अपर्याप्त सुरक्षा और जल निकासी व्यवस्था में खामियां पाई गईं। इन खामियों के आधार पर निर्माण कंपनी एम/एस कृष्णा कॉन्स्टेलेशन प्राइवेट लिमिटेड और अथॉरिटी इंजीनियरिंग कंसल्टेंसी एम/एस चैतन्य प्रोजेक्ट्स कंसल्टेंसी प्राइवेट लिमिटेड को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। एनएचएआई ने निर्माण कंपनी के परियोजना प्रबंधक को भी परियोजना से हटाने का निर्देश दिया है। कंसल्टेंसी फर्म को सात दिन के भीतर कुलदीप कुमार राजदान के स्थान पर समान या अधिक अनुभव वाले नए टीम लीडर का प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा गया है। प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिन के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो संबंधित एजेंसियों के भुगतान पर रोक, आर्थिक दंड और कार्य से प्रतिबंधित करने सहित अनुबंध की शर्तों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त, निर्माण कंपनी को पूरे परियोजना क्षेत्र में बारिश से हुए कटाव वाले स्थानों की मरम्मत अपने खर्च पर तत्काल कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *