IAS रिंकू सिंह राही के तबादले पर जालौन में प्रदर्शन:सैकड़ों युवाओं ने उनकी पुनः तैनाती की मांग उठाई


जालौन के जॉइंट मजिस्ट्रेट आईएएस रिंकू सिंह राही का उरई तबादला किए जाने के बाद गुरुवार को उनके समर्थन में सैकड़ों युवा और ग्रामीण सड़क पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने जालौन तहसील परिसर पहुंचकर नारेबाजी की और मांग की कि रिंकू सिंह राही को दोबारा जालौन में जॉइंट मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात किया जाए। प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने उन्हें ईमानदार, निष्पक्ष और जनहित में कार्य करने वाला अधिकारी बताते हुए उनके स्थानांतरण पर नाराजगी जताई। कुछ प्रदर्शनकारियों ने इस पूरे घटनाक्रम के पीछे कुछ भाजपा नेताओं की साजिश होने का आरोप भी लगाया। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। गौरतलब है कि 23 जून को जालौन में भाजपा के ब्लॉक प्रमुख रामराज निरंजन के कोल्ड स्टोर पर जांच के दौरान जॉइंट मजिस्ट्रेट रिंकू सिंह राही और ब्लॉक प्रमुख के बीच विवाद हो गया था। ब्लॉक प्रमुख रामराज निरंजन ने आरोप लगाया था कि उनके साथ अभद्र व्यवहार और धक्का-मुक्की की गई। बाद में उन्होंने पत्रकार वार्ता कर घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सार्वजनिक किया और जिलाधिकारी से शिकायत की थी। इसके बाद प्रशासनिक स्तर पर मामले का संज्ञान लिया गया और रिंकू सिंह राही का स्थानांतरण जालौन से उरई कर दिया गया। इसी निर्णय के विरोध में गुरुवार को बड़ी संख्या में लोग तहसील परिसर पहुंचे और उनके समर्थन में प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन में शामिल युवाओं का कहना था कि रिंकू सिंह राही के कार्यकाल में आम जनता की शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण हुआ। उनका कहना था कि उन्होंने बिना किसी दबाव के प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन किया और आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता दी। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि ऐसे अधिकारियों की आवश्यकता जनपद को है, जो पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कार्य करें। प्रदर्शन के दौरान बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था की भी मांग उठाई गई। युवाओं ने कहा कि जनता अब अपने अधिकारों के प्रति जागरूक है और वह ईमानदारी से काम करने वाले अधिकारियों के साथ खड़ी है। उन्होंने प्रशासन से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए स्थानांतरण के निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *