अयोध्या4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज, अयोध्या में एक आधुनिक छात्रावास का निर्माण किया जाएगा। प्रदेश सरकार ने विश्वविद्यालय प्रशासन के इस प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है। इस परियोजना पर लगभग 23.17 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी सी एंड डीएस को सौंपी गई है।
विश्वविद्यालय के इंजीनियर ओमप्रकाश सिंह ने 1 जुलाई बुधवार को बताया कि केंद्रीय कृषि मंत्री द्वारा विगत दिनों इसका शिलान्यास भी किया जा चुका है। पिछले कुछ वर्षों में विश्वविद्यालय में देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से भी छात्रों की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है। इसके कारण मौजूदा छात्रावासों में आवास की कमी महसूस की जा रही थी।
स्थिति यह थी कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए बने आवासों का उपयोग भी अस्थायी छात्रावास के रूप में किया जा रहा था। छात्रों की बढ़ती संख्या और आवासीय आवश्यकताओं को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने नए छात्रावास के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा था।
ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि इस नए हाईटेक छात्रावास में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें अध्ययन कक्ष, बेहतर सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, विद्युत व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं का समुचित प्रबंध शामिल होगा, जिससे विद्यार्थियों को एक बेहतर आवासीय वातावरण मिल सके।
उन्होंने यह भी बताया कि निर्माण एजेंसी सी एंड डीएस को यह परियोजना दो वर्ष के भीतर पूरी करनी होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि इस नए छात्रावास के निर्माण से आवास संबंधी समस्या काफी हद तक हल हो जाएगी और बाहर से आने वाले विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे विश्वविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ आवासीय व्यवस्था भी मजबूत होगी।
