संभल में भामाशाह जयंती पर व्यापारी कल्याण दिवस:संजय नरूला ने कहा- भामाशाह त्याग, समर्पण और राष्ट्रसेवा के प्रतीक


संभल में महान दानवीर भामाशाह की जयंती पर व्यापारी कल्याण दिवस का आयोजन किया गया। सम्भल व्यापारी सुरक्षा फोरम संस्थान 74/22 द्वारा यह कार्यक्रम जिलाध्यक्ष अनंत अग्रवाल के राम विहार कॉलोनी स्थित आवास पर आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ भामाशाह के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर और पुष्प अर्पित करके किया गया। इस अवसर पर उपस्थित व्यापारियों ने भामाशाह के जीवन, त्याग और समर्पण को याद किया। वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य संजय नरूला ने भामाशाह को त्याग, समर्पण और राष्ट्रसेवा का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि संकट के समय भामाशाह ने महाराणा प्रताप की आर्थिक सहायता कर मेवाड़ की शक्ति को पुनः स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। शोभित गुप्ता ने बताया कि हल्दीघाटी युद्ध के बाद मेवाड़ की आर्थिक स्थिति कमजोर होने पर भामाशाह ने बड़ी मात्रा में धन और स्वर्ण मुद्राएं देकर महाराणा प्रताप की सहायता की थी। इससे पुनः सेना का गठन संभव हो सका। वरिष्ठ पदाधिकारी नबील अहमद ने भामाशाह को व्यापारियों का प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके जीवन को समाज सेवा और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण का प्रतीक बताया। जिलाध्यक्ष अनंत अग्रवाल ने जानकारी दी कि भामाशाह जैन समाज से थे और महाराणा प्रताप के बचपन के मित्र थे। उन्होंने कहा कि भामाशाह की प्रेरणा आज भी व्यापारी वर्ग को समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियां निभाने के लिए प्रेरित करती है। इस कार्यक्रम के दौरान संगठन का विस्तार भी किया गया। इसमें संजय नरूला को जिला चेयरमैन, शोभित गुप्ता को जिला महामंत्री, हाजी बब्बू को जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष, जमील उर रहमान को जिला उपाध्यक्ष, शकील अहमद को जिला मंत्री, महावीर सिंह को जिला संगठन मंत्री और फहद केसर को जिला कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया। इसी क्रम में युवा जिला अध्यक्ष पद पर अरविंद प्रजापति, युवा जिला उपाध्यक्ष केशव सैनी, नगर अध्यक्ष नबील अहमद, नगर मंत्री प्रदीप गुप्ता, नगर उपाध्यक्ष आरिफ खान और नगर कोषाध्यक्ष सादिक अंसारी को नियुक्त किया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों से एक सप्ताह के भीतर कार्यकारिणी का गठन करने और जिलेभर में संगठन का विस्तार करने का आग्रह किया गया है। इसका उद्देश्य प्रदेश नेतृत्व को सूचित कर शीघ्र शपथ ग्रहण समारोह आयोजित करना है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *