ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से जीजा-साले की मौत:उन्नाव में 20 मीटर घिसटने के बाद बाइक में लगी आग, बेटे के ससुराल गए थे


उन्नाव में ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से बाइकसवार जीजा-साले की मौत हो गई। टक्कर के बाद ट्रैक्टर में फंसकर बाइक लगभग बीस मीटर तक घिसटती चली गई और उसमें आग लग गई। आसपास के लोग दौड़कर बचाने के लिए पहुंचे। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी ले गई, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना परिवार को मिलते ही चीख-पुकार मच गई। मृतक के बेटे की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर तलाश शुरू कर दी है। यह घटना सोहा क्षेत्र के सिरवइया मोड़ के पास रविवार दोपहर करीब 3 बजे हुई। जानिए पूरा मामला…. मृतकों की पहचान सोहरामऊ क्षेत्र के चौपई के रहने वाले सूरत (55) और असोहा के गिलशहामऊ के रहने वाले उनके फुफेरे साले रज्जन (55) के रूप में हुई है। सूरत अपने बेटे अमृतलाल के ससुर रामभजन की मौत के बाद रविवार दोपहर 2 बजे अपनी ससुराल असोहा के भटपुरा गांव गए थे। वहां से वे बर्फ लाने के लिए अपने साले रज्जन के साथ बाइक से कालूखेड़ा जा रहे थे। मौरावां मार्ग पर असोहा क्षेत्र के सिरवइया मोड़ के पास सामने से आ रहे डस्ट लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक ट्रैक्टर में फंसकर करीब बीस मीटर तक घिसटती चली गई। सड़क पर घिसटने के कारण बाइक में आग लग गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया। फरार चालक की तलाश जारी घटना के होते ही आसपास के लोगों ने पहुंचकर दोनों को ट्रैक्टर से बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को सीएचसी लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना परिवार को मिलते ही चीख-पुकार मच गई। सूरत की मौत से उनकी पत्नी रजाना और बेटे अमृतलाल व अंबरलाल का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, रज्जन की पत्नी रजनी और बेटे राजकिशोर व महेश भी बेहाल हैं। एसओ फूल सिंह ने बताया कि मृतक रज्जन के बेटे राजकिशोर की तहरीर पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *