![]()
रामपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 30 जून को रामपुर दौरा प्रस्तावित है। इसे लेकर जिला प्रशासन और भाजपा संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा रविवार दोपहर तक होने की संभावना है। जनसभा के लिए शाहबाद और बिलासपुर, दो स्थानों पर विचार चल रहा है। अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री कार्यालय से कार्यक्रम जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगा। प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था, हेलीपैड, सभा स्थल, पार्किंग, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन और वीआईपी मूवमेंट की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने संभावित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण भी शुरू कर दिया है। भाजपा संगठन भी कार्यकर्ताओं को जुटाने और कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति तैयार करने में लगा है। मुख्यमंत्री के इस संभावित दौरे को जिले के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उम्मीद है कि वह रामपुर को नई विकास परियोजनाओं की सौगात दे सकते हैं। हालांकि, किन योजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास या घोषणा होगी, इसका खुलासा आधिकारिक कार्यक्रम जारी होने के बाद ही होगा। मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ रामपुर के पांच प्रमुख दौरे कर चुके हैं। वर्ष 2018 में उन्होंने दिव्यांगजन सशक्तिकरण कार्यक्रम में भाग लिया था। इसके बाद, वर्ष 2021 में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा की। वर्ष 2022 में रामपुर सदर उपचुनाव के दौरान उन्होंने भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना के समर्थन में जनसभा की और लगभग 72 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। 16 मार्च 2024 को गांधी स्टेडियम में लगभग 610 करोड़ रुपये की 84 विकास परियोजनाओं की सौगात दी गई। लोकसभा चुनाव के दौरान भी उन्होंने भाजपा प्रत्याशी घनश्याम सिंह लोधी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया था। आदित्यनाथ का राजनीतिक जुड़ाव वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव से भी रहा है, जब रठोडा में प्रस्तावित चुनावी सभा के लिए उनके हेलीकॉप्टर के नहीं उतर पाने को लेकर विवाद हुआ था। तब योगी ने तत्कालीन सपा सरकार पर अनुमति न देने का आरोप लगाया था, जबकि जिला प्रशासन ने खराब मौसम को इसकी वजह बताया था। मुख्यमंत्री के रूप में उनका यह प्रस्तावित दौरा जिले की राजनीति और विकास, दोनों दृष्टियों से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Source link
मुख्यमंत्री योगी 30 जून को रामपुर आएंगे:दौरे की तैयारियां अंतिम चरण में, रविवार को होगी घोषणा