फर्जी मेडिकल बिल दिखा कर लाखों के इंश्योरेंस क्लेम लिए:गोरखपुर में गैंग के 2 आरोपी अरेस्ट, एजेंटों से जुटाते थे जानकारी


गोरखपुर में फर्जी क्लेम कर हेल्थ इंश्योरेंस की रकम हड़पने वाले गैंग के दो अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों गैंगेस्टर एक्ट के तहत वांटेड थे। पुलिस के मुताबिक गिरोह के सरगना एजेंटों के माध्यम से इंश्योरेंस कराने वाले लोगों का डिटेल निकलवाते थे। फिर उनके नाम से हॉस्पिटल में फर्जी एडमिट, मेडिकल रिपोर्ट और फर्जी डिस्चार्ज बिल कंपनियों को दिखा कर लाखों रुपए क्लेम कर लेते थे। यह पूरा गैंग एक संगठित नेटवर्क की तरह चलता था। जिसका संचालन गोरखपुर और बस्ती स्थित डिसेंट हॉस्पिटल से होता था। इस मामले में पहले भी कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। रामगढ़ ताल थाने की पुलिस अन्य सदस्यों की तलाश और आगे की जांच में जुटी है। जानिए पूरा मामला…
पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना विकास मणि त्रिपाठी उर्फ प्रवीण त्रिपाठी है, जिसने अपने सहयोगियों शमशुल कमर उर्फ सोनू खान, अफजल अंसारी, ताहिर खान, राकेश कुमार ओझा, ऋषभ सिंह, इन्द्रेश यादव, अभिषेक शर्मा उर्फ हनी शर्मा और अमन यादव उर्फ गौरव यादव के साथ मिलकर संगठित नेटवर्क तैयार किया था। जिसका उद्देश्य फर्जी बीमा दावों के जरिए आर्थिक लाभ कमाना था। जांच में सामने आया कि गिरोह हेल्थ इंश्योरेंस एजेंटों के माध्यम से बीमाधारकों की जानकारी जुटाता था। इसके बाद संबंधित व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराए बिना ही इलाज के नाम पर फर्जी मेडिकल रिकॉर्ड, बिल और डिस्चार्ज पेपर तैयार कर बीमा कंपनियों से क्लेम पास कराया जाता था। पुलिस के अनुसार इस नेटवर्क का संचालन गोरखपुर और बस्ती स्थित डिसेंट हॉस्पिटल के माध्यम से किया जा रहा था। बजाज आलियांज की शिकायत से खुलासा हुआ
मामले का खुलासा तब हुआ जब बजाज आलियांज जनरल इंश्योरेंस कंपनी के ब्रांच ऑपरेटर और सर्विस मैनेजर अनूप अग्रवाल ने रामगढ़ताल थाने में शिकायत दर्ज कराई। कंपनी की इंटरनल जांच में पाया गया कि बीमा करवाने वाले सत्यवीर के नाम पर एपेक्स हॉस्पिटल और डिसेंट हॉस्पिटल से इलाज का क्लेम लिया गया, जबकि सत्यवीर ने लिखित रूप से बताया कि वह कभी इन अस्पतालों में भर्ती ही नहीं हुए। पता चला कि बीमाधारक के नाम से उसकी जानकारी और सहमति के बिना फर्जी बैंक खाता खोलकर करीब 1.80 लाख रुपये का क्लेम लिया गया। इसके बाद रामगढ़ताल थाने में साल 2025 में धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में FIR दर्ज किया गया। डॉक्टर की फर्जी सिग्नेचर का इस्तेमाल किया
पुलिस ने जब जांच शुरू किया तो एक और मामला सामने आया, जिसमें डॉ. अजय कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि उनके नाम और सिग्नेचर का दुरुपयोग कर कई बीमा कंपनियों में फर्जी मेडिकल फाइलें तैयार की गईं। आरोप है कि मरीजों को भर्ती दिखाकर लाखों रुपये का बीमा क्लेम लिया गया, जबकि उन्होंने ऐसे किसी मरीज का उपचार नहीं किया था। इस शिकायत पर भी रामगढ़ताल थाने में अलग FIR दर्ज किया गया। पहले भी हो चुकी हैं कई गिरफ्तारियां
विवेचना के दौरान पुलिस ने साल 2025 और 2026 में गिरोह के कई सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ चार्जशीट कोर्ट में फाइल किया। इसके बाद पुलिस ने पूरे गिरोह का गैंग चार्ट तैयार कर जिला मजिस्ट्रेट से अनुमति लिया। जिस के बाद 21 जून 2026 को गिरोह के सभी सदस्यों के खिलाफ यूपी गैंगेस्टर और एंटी सोशल एक्टिविटीज एक्ट के तहत FIR दर्ज किया गया। शुक्रवार को इसी मुकदमे में वांटेड राकेश कुमार ओझा और अभिषेक शर्मा उर्फ हनी शर्मा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *