![]()
मेरठ में पुलिसकर्मियों ने बाहर से बाहर जमानत दिलाने का झांसा देकर एक महिला से 10 हजार रुपये ऐंठ लिए। आरोप है कि जब पीड़िता ने सवाल जवाब किए तो पुलिसकर्मियों ने उसे धक्का दे दिया और जेल भेजने की धमकी दी। इसके बाद एक राहगीर से भी अभद्रता करते हुए आरोपी पुलिसकर्मी गाड़ी लेकर भाग निकले। इस मामले की सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हो रही है। हालांकि दैनिक भास्कर वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। मामला जानी थाना क्षेत्र के धोलड़ी गांव का है। यहां अमित अपनी पत्नी सीमा व बच्चों के साथ रहते हैं। आरोप है कि 21 जून को कौशल नाम की महिला ने अपने परिवार के साथ आकर अमित व सीमा पर हमला कर दिया। कौशल रिश्ते में सीमा की ननद है। सीमा जानी थाने पहुंची और लिखित में शिकायत की। सीमा का आरोप है कि ड्यूटी पर मिली महिला पुलिसकर्मी श्वेता ने दिन में कौशल को बुलाने की बात कहकर उन्हें टरका दिया। दूसरे दिन भी कौशल ने की मारपीट
22 जून को सीमा किसी काम से शहर में रही। शाम को जैसे ही घर पहुंची, उसकी ननद कौशल दोबारा घर में घुस आई और फिर से मारपीट की। सीमा का आरोप है कि उसकी जेठानी ने फोन कर ननद कौशल को बताया था कि सीमा घर आ गई है। इस मारपीट में उसे काफी चोट आई। सिपाही बोला- खुद निपटा लो मामला
सीमा ने 112 नंबर पर फोन मिला दिया। कुछ ही देर में एक पुलिसकर्मी घर आ गया। उसने पूरा मामला जाना। आरोप है कि वह सिपाही भी पारिवारिक मसला बताकर बिना किसी कार्रवाई के वापस लौट गया। वह फिर थाने गई लेकिन महिला पुलिसकर्मी ने यह कहकर लौटा दिया कि अब तो कौशल घर लौट गई है। घर जाकर आराम से रहो। तीन दिन तक काटे थाने के चक्कर
सीमा अपने पति अमित को लेकर तीन दिन तक जानी थाने के चक्कर लगाती रही लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की। हर बार उसे कोई ना कोई बहाना बनाकर लौटा दिया गया जबकि उसको काफी चोट भी लगी थी। गुरुवार को थाने से उसके पास फोन पहुंचा और उसे थाने बुला लिया गया। 151 में चालान करने की कही बात
सीमा को थाने यह कहकर बुलाया गया था कि दूसरा पक्ष भी थाने आ गया है। दोनों पक्ष की आमने सामने बात कराएंगे। लेकिन जब सीमा थाने पहुंची तो पुलिसकर्मी ने बताया कि दोनों पक्ष का 151 में चालान कर दिया है। अब कचहरी से जमानत कराना। थाने के बाहर ही ऐंठे 10 हजार रुपये
शिकायत करने के बाद भी पुलिस ने मदद नहीं की और उलटा सीमा का भी चालान कर दिया। इससे सीमा परेशान हो गई। कचहरी लाने से ठीक पहले एक पुलिसकर्मी थाने के बाहर मिला। उसने बाहर से बाहर ही जमानत दिलाने का झांसा देकर सीमा से 10 हजार रुपये ऐंठ लिए। मजिस्ट्रेट के सामने नहीं किया पेश
जानी थाने के तीन पुलिसकर्मी सीमा को प्राइवेट बुलेरो गाड़ी से लेकर कचहरी पहुंचे। आरोप है कि यहां कचहरी के बाहर हनुमान मंदिर के पास सीमा को गाड़ी से नीचे उतारकर पुलिसकर्मी बोले कि जा जमानत करा दी है। सीमा से एक कागज पर साइन कराया। सीमा ने जब आपत्ति की तो पुलिसकर्मी अभद्रता करने लगे। एक युवक ने पुलिसकर्मियों को रोककर पूछताछ की कोशिश की तो पुलिसकर्मी गाड़ी दौड़ाकर भाग निकले।
Source link
जमानत दिलाने के बहाने 10 हजार रुपये ऐंठने का आरोप:पुलिसकर्मियों पर महिला को धक्का देने, भागने का आरोप, थानेदार बोले- कचहरी से मिली जमानत