![]()
लखनऊ में दसवीं मोहर्रम पर निकलने वाले आशूरा के जुलूस को देखते हुए शुक्रवार को शहर के कई हिस्सों में यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने पुराने लखनऊ के 18 प्रमुख मार्गों पर सुबह 7 बजे से डायवर्जन लागू करने का फैसला किया है। जुलूस सुबह 10 बजे नाजिम साहब इमामबाड़ा से शुरू होकर बाजारखाला होते हुए तालकटोरा कर्बला पहुंचेगा। पुलिस के अनुसार जुलूस समाप्त होने तक आवश्यकता के अनुसार डायवर्जन लागू रहेगा। हालांकि आपात स्थिति में एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, शव वाहन और स्कूली वाहनों को प्रतिबंधित मार्गों से गुजरने की अनुमति दी जाएगी। इसके लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम के नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है। पुराने लखनऊ में इन मार्गों पर रहेगा डायवर्जन टूड़ियागंज, नक्खास, हैदरगंज, बुलाकी अड्डा, मिल एरिया, एवरेडी तिराहा, विक्रम कॉटन मिल, रणजीत सिंह बिल्डिंग, भूसामंडी, मवैया, फूलमंडी और तालकटोरा क्षेत्र में यातायात को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा। जुलूस मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। महानगर क्षेत्र में सुबह 9 बजे से बदलेगा ट्रैफिक आशूरा के जुलूस को देखते हुए महानगर क्षेत्र में सुबह 9 बजे से डायवर्जन लागू किया जाएगा। अयोध्या रोड, कमता और जीटीआई से आने वाली रोडवेज व सिटी बसों को बादशाहनगर के बजाय विजयीपुर अंडरपास, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, डिगडिगा और 1090 चौराहा होकर भेजा जाएगा। हजरतगंज से निशातगंज और गोल मार्केट की ओर जाने वाले वाहनों को बंधा रोड, हनुमान सेतु, आईटी चौराहा, कपूरथला और सर्वोदयनगर पुल मार्ग से निकाला जाएगा। वहीं बादशाहनगर, निशातगंज, लेखराज मार्केट, कुकरैल बंधा और पोस्ट ऑफिस महानगर क्षेत्र में भी वैकल्पिक रूट लागू रहेंगे। तेलीबाग में दोपहर 1 बजे से डायवर्जन तेलीबाग क्षेत्र में दोपहर 1 बजे से यातायात व्यवस्था बदली जाएगी। तेलीबाग पुल चौराहा से आने वाले वाहनों को तेलीबाग बाजार के बजाय बंगला बाजार पुल मार्ग से भेजा जाएगा। वहीं सुभानीखेड़ा चौराहे से आने वाले वाहनों को देवीखेड़ा रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से जुलूस के दौरान निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और अनावश्यक रूप से जुलूस मार्ग पर जाने से बचने की अपील की है।
Source link
आशूरा के जुलूस पर बदला रहेगा ट्रैफिक:पुराने लखनऊ समेत कई इलाकों में लागू होगा डायवर्सन, इन रास्तों का करें इस्तेमाल