बस्ती सड़क हादसे में घायल युवक ने तोड़ा दम:एक सप्ताह इलाज के बाद मौत, परिवार में पसरा मातम


बस्ती में सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक युवक ने एक सप्ताह तक चले इलाज के बाद दम तोड़ दिया। बुधवार देर शाम उसकी मौत हो गई। इस घटना से परिवार और गांव में शोक का माहौल है। परिवार ने छह माह पहले ही अपनी मां को खोया था, और अब यह दूसरा बड़ा आघात है। मुंडेरवा थाना क्षेत्र के दतुआखोर गांव निवासी अवनीश पांडेय उर्फ बब्बू (38) पुत्र रमेश चंद्र पांडेय पिछले गुरुवार को गांव के कन्हैया गौड़ के साथ बाइक से बनकटी बाजार गए थे। देर शाम लौटते समय लालगंज थाना क्षेत्र के बनकटी ब्लॉक के पास कटौधा मोड़ पर उनकी बाइक को पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार अज्ञात बाइक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर पीछे बैठे अवनीश गंभीर रूप से घायल हो गए और सड़क पर गिर पड़े। बाइक चालक कन्हैया गौड़ को मामूली चोटें आईं। टक्कर मारने वाला अज्ञात चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल अवनीश को तुरंत कैली अस्पताल ले जाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें एम्स गोरखपुर रेफर कर दिया गया। स्वास्थ्य में सुधार न होने पर उन्हें बाद में मेडिकल कॉलेज लखनऊ स्थानांतरित किया गया। पिछले सात दिनों से उनका इलाज चल रहा था, लेकिन बुधवार शाम करीब छह बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। अवनीश की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में गहरा शोक छा गया। उनकी पत्नी, वृद्ध पिता, पुत्री और तीन छोटे भाइयों का दुख से बुरा हाल है। गुरुवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। ग्रामीणों के अनुसार, अवनीश मेहनती और मिलनसार व्यक्ति थे। वे खेती-बाड़ी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। छह माह पहले मां के निधन के बाद अब परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *