![]()
लखनऊ के सृष्टि अपार्टमेंट में बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे एक 7 वर्षीय बच्चे पर आक्रामक कुत्तों ने हमला कर दिया। बच्चा पार्क में खेल रहा था। घटना के बाद अपार्टमेंट में दहशत फैल गई। घायल बच्चे को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जानकारी के अनुसार, सृष्टि अपार्टमेंट के सी-1002 में रहने वाले शैलेंद्र सिंह के बेटे सिद्धांत सिंह पर यह हमला हुआ। सिद्धांत अपने दो साथियों के साथ पार्क में खेल रहा था, तभी आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। बच्चों के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने दौड़कर बच्चे को कुत्तों से बचाया। दो दर्जन से अधिक लोग कुत्तों के हमले का शिकार हुए इस घटना के बाद अपार्टमेंट के निवासियों में नगर निगम की कार्यप्रणाली के प्रति गहरा रोष है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले तीन वर्षों में परिसर और आसपास के इलाकों में करीब दो दर्जन से अधिक लोग कुत्तों के हमले का शिकार हो चुके हैं, लेकिन समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। पीड़ित बच्चे के पिता शैलेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने घटना की सूचना नगर निगम को दी थी। शिकायत मिलने पर निगम की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर कुत्ते वहां से भाग चुके थे। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि इलाके में आक्रामक कुत्तों की लगातार मौजूदगी से बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा खतरे में है। कुत्तों की समस्या का स्थाई समाधान किया जाए रहवासियों ने नगर निगम से मांग की है कि केवल औपचारिक कार्रवाई के बजाय आक्रामक कुत्तों की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। उनका कहना है कि पार्क और अपार्टमेंट परिसर बच्चों के खेलने के लिए सुरक्षित होने चाहिए। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।
Source link
लखनऊ में 7 साल के मासूम पर कुत्तों का हमला:पार्क में खेलते समय नोचा, शोर सुनकर पहुंचे लोगों ने बचाई जान