CSJMU से करें सर्टिफिकेट कोर्स इन एआई फॉर मीडिया:छह माह के कोर्स में 12वीं पास ले सकते हैं एडमिशन


सीएसजेएमयू के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में जुलाई 2026 से सर्टिफिकेट कोर्स इन एआई फॉर मीडिया प्रारंभ किया जा रहा है। यह कोर्स पत्रकारिता में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग और उससे जुड़ी तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करेगा। विवि की ओर से जारी प्रेसनोट में बताया गया कि समाचार संग्रहण, कंटेंट निर्माण, वीडियो प्रोडक्शन, डेटा विश्लेषण, फैक्ट चेकिंग और दर्शकों तक सामग्री पहुंचाने की प्रक्रिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका लगातार बढ़ रही है। भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना उद्देश्य इस कोर्स का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य की मीडिया चुनौतियों के लिए तैयार करना और उन्हें आधुनिक न्यूज़रूम की आवश्यकताओं के अनुरूप तकनीकी रूप से दक्ष बनाना है। पाठ्यक्रम में कंटेंट राइटिंग, स्क्रिप्ट निर्माण, डिजिटल स्टोरीटेलिंग, वीडियो एडिटिंग, डेटा जर्नलिज्म, डेटा एनालिटिक्स, फेक न्यूज डिटेक्शन, सोशल मीडिया मैनेजमेंट, ऑटोमेटेड न्यूज जनरेशन तथा विभिन्न एआई आधारित मीडिया टूल्स के उपयोग का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
तकनीकों से कराया जाएगा परिचित कोर्स के दौरान प्रतिभागियों को उन अत्याधुनिक तकनीकों से परिचित कराया जाएगा, जिनका उपयोग आज विश्व के अग्रणी मीडिया संस्थान कर रहे हैं। विद्यार्थियों को विभिन्न एआई प्लेटफॉर्म और टूल्स के माध्यम से कंटेंट निर्माण, शोध, तथ्य सत्यापन, ऑडियो-वीडियो प्रोडक्शन और डिजिटल मीडिया प्रबंधन का व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया जाएगा। इससे वे मीडिया उद्योग में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसरों के लिए तैयार हो सकेंगे। वास्तविक जरुरतों के अनुरुप प्रशिक्षित करना कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि वर्तमान समय में मीडिया और जनसंचार का स्वरूप अभूतपूर्व गति से बदल रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस अब केवल भविष्य की कल्पना नहीं, बल्कि आज की वास्तविकता बन चुका है। सर्टिफिकेट कोर्स इन एआई फॉर मीडिया शुरू करने का हमारा उद्देश्य केवल शैक्षणिक ज्ञान प्रदान करना नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को उद्योग की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित करना है।
12वीं पास ले सकते हैं एडमिशन पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के एचओडी डॉ. दिवाकर अवस्थी ने बताया कि यह सर्टिफिकेट कोर्स छह माह की अवधि का होगा। पाठ्यक्रम में थ्योरी की अपेक्षा प्रायोगिक प्रशिक्षण पर विशेष बल दिया जाएगा, जिससे छात्र वास्तविक न्यूज़रूम वातावरण में एआई टूल्स के उपयोग को समझ सकें। उन्होंने कहा कि मीडिया उद्योग की वर्तमान आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कोर्स की संरचना तैयार की गई है, ताकि प्रतिभागियों को सीधे रोजगारोन्मुख कौशल प्राप्त हो सके। डॉ. अवस्थी ने बताया कि इस कोर्स में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। किसी भी संकाय से इंटरमीडिएट (12वीं) उत्तीर्ण विद्यार्थी इसके लिए आवेदन कर सकते हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *