![]()
मुरादाबाद में एक महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। एक प्रॉपर्टी डीलर ने सस्ती जमीन दिलाने का झांसा देकर महिला को सुनसान बाग में बुलाया। आरोप है कि वहां उसे नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर दुष्कर्म किया गया। आरोपियों ने घटना का वीडियो बनाकर पीड़िता को ब्लैकमेल भी किया। पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब विस्तार से पढ़िए पूरा मामला मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने बताया कि 7 फरवरी 2026 को उसके मोबाइल पर एक मिस्ड कॉल आई थी। जब महिला ने वापस कॉल किया, तो सामने वाले व्यक्ति ने अपना नाम अस्बे अली बताया। उसने खुद को मूढ़ापांडे के बिना वाला गांव का निवासी और प्रॉपर्टी डीलर बताते हुए महिला को सस्ती जमीन दिलाने का झांसा दिया। महिला ने उससे सवा बीघा जमीन खरीदने की इच्छा जताई थी। 11 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 2 बजे महिला सिविल लाइंस क्षेत्र में तहसील के पास खड़ी थी। तभी आरोपी अस्बे अली ने अपने साथी मोहम्मद तालिब को बाइक लेकर भेजा। तालिब महिला को अपनी बाइक पर बैठाकर मूढ़ापांडे क्षेत्र के बिना वाला गांव के पास एक बाग में ले गया, जहां अस्बे अली पहले से मौजूद था। बाग में आरोपियों ने महिला को कोल्ड ड्रिंक पिलाई, जिसे पीने के बाद वह बेहोश हो गई। होश में आने पर महिला को अपने कपड़े अस्त-व्यस्त मिले। जब उसने विरोध किया और पूछताछ की, तो आरोपियों ने दुष्कर्म करने और उसका वीडियो बनाने की बात कबूल की। उन्होंने महिला को धमकी दी कि शिकायत करने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा। पीड़िता ने रविवार देर रात पुलिस को मामले की तहरीर दी। सीओ सिविल लाइंस अभिनव द्विवेदी ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी प्रॉपर्टी डीलर अस्बे अली और उसके साथी मोहम्मद तालिब के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link
मुरादाबाद में महिला से दुष्कर्म करने पर FIR:प्रॉपर्टी डीलर ने सस्ती जमीन दिलाने के बहाने बुलाया, नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर की वारदात