सहारनपुर में युवक से ऑनलाइन 11.50 लाख की ठगी:फेसबुक पर लोन का विज्ञापन देख फंसा, फाइल चार्ज, सब्सिडी और खाता खुलवाने का झांसा दिया


सहारनपुर में सस्ते ब्याज पर लोन दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 11.50 लाख रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने फेसबुक पर मुद्रा लोन से संबंधित एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद ठगों ने उसे लोन दिलाने का भरोसा देकर अलग-अलग मदों में रकम जमा करवा ली। बेहट रोड स्थित छाबड़ा कॉलोनी निवासी सुमित तायल ने साइबर क्राइम थाने में दी गई शिकायत में बताया कि फेसबुक पर मुद्रा लोन का एक विज्ञापन देखने के बाद उनके पास फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम राकेश शर्मा बताया। उसने कहा कि उसकी कंपनी 30 लाख रुपए का लोन मात्र दो प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध कराती है। साथ ही लोन पर 40 प्रतिशत सब्सिडी मिलने का भी दावा किया। आरोप है कि ठगों ने सबसे पहले 449 रुपए फाइल चार्ज के नाम पर जमा कराए। इसके बाद 49 हजार रुपए में खाता खुलवाने की बात कही। सुमित के अनुसार, राकेश शर्मा के अलावा संजीव शर्मा और चरण सिंह नाम के लोगों ने भी उनसे संपर्क किया और लगातार विभिन्न कारण बताकर रकम जमा कराने का दबाव बनाया। पीड़ित का कहना है कि लोन प्रक्रिया पूरी कराने, सब्सिडी, खाते और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर उनसे धीरे-धीरे कई बैंक खातों में कुल 11 लाख 50 हजार रुपये जमा करा लिए गए। जब उन्होंने लोन की रकम जारी करने के बारे में पूछा तो आरोपित टालमटोल करने लगे। इसके बाद उन्हें अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ। सुमित तायल ने मामले की शिकायत साइबर क्राइम थाने में दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि इस घटना के कारण उन पर लोगों की देनदारी बढ़ गई है और काफी कर्ज भी हो गया है। साइबर क्राइम थाना के कार्यवाहक प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और संबंधित खातों व मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *